यूपी के संभल स्थित जामा मस्जिद में रविवार को सर्वे का काम हुआ. इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Sambhal Jama Masjid Updates: उत्तर प्रदेश स्थित संभल में जामा मस्जिद के सर्वे का काम पूरा हो गया है. सर्वे के बाद जो रिपोर्ट तैयार की गई है वह 29 नवंबर के बाद कोर्ट में पेश किए जाएगी. इस दौरान जमकर आगजनी और प्रदर्शन हुए. वहीं पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने कहा कि हालात नियंत्रण में हैं. इस हिंसा में 4 लोगों की मौत हो गई है, कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए है. शहर का इंटरनेट बंद कर दिया है और स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है.
ज्वलनशील पदार्थ और विस्फोटक पदार्थो की बिक्री पर रोक
संभल एसडीएम ने ईंट, पत्थर, ज्वलनशील पदार्थ और विस्फोटक पदार्थो की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाई है. छतों पर ईंट पत्थर जमा करने वालों पर भी कार्रवाई होगी.
30 नवंबर तक जिले में निषेधाज्ञा लागू- डीएम
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संभल हिंसा को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि 30 नवंबर तक जिले में निषेधाज्ञा लागू है. डीएम ने आदेश दिया है कि शहर में हुई हिंसा के बाद भी बाहरी व्यक्ति समेत जनप्रतिनिधि व समाजिक संगठन का कोई भी पदाधिकारी सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा. अगर यदि कोई भी व्यक्ति इसका उल्लंघन करता है तो, उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 233 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
संभल हिंसा में 4 लोगों की मौत, मुरादाबाद मंडलायुक्त ने की पुष्टि
मुरादाबाद के मंडलायुक्त अंजनेय कुमार सिंह ने संभल में 4 लोगों के मरने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक के पास से अभी तक का अनोखा हथियार बरामद हुआ है जिसमें दोनो तरफ धार हैं. दो लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 315 बोर की गोली लगने से मौत बताई गई है.
जानबूझकर सुबह टीम भेजी गई, जिससे माहौल खराब हो- अखिलेश
संभल हिंसा पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा मस्जिद का सर्वे पहले ही हो चुका था, पर जानबूझकर सुबह टीम भेजी गई, जिससे माहौल खराब हो और चुनावी मुद्दों पर चर्चा न हो पाए, संभल में कोई भी इंसाफ की उम्मीद न छोड़े.

