महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है. अब मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा अपडेट दिया है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Maharashtra Cabinet Portfolio Allocation: महाराष्ट्र में मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद अब सभी की निगाहें मंत्रियों के विभागों के बंटवारे पर है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि हमने विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा की है और अगले दो तीन दिन में इसका ऐलान कर दिया जाएगा.
फडणवीस सरकार में 19 भाजपा, 11 शिवसेना और 9 NCP कोटे से मंत्री शामिल किए गए हैं. इनमें 4 महिलाओं (3 भाजपा, 1 NCP) और 1 मुस्लिम (NCP) को जगह मिली है. कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री NCP की अदिति तटकरे (36 साल) और सबसे उम्रदराज मंत्री भाजपा के गणेश नाइक (74 साल) हैं.
भाजपा के पंकज भोयर (PhD) सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे मंत्री हैं. शिवसेना के भारत गोगावले सबसे कम पढ़े-लिखे (8वीं पास) मंत्री हैं. कैबिनेट में 30-40 साल के 2, 40-50 साल के 12, 50-60 साल के 12 और 60 साल से ज्यादा उम्र के 13 मंत्री शामिल किए गए हैं.
बहुमत के बल पर मनमानी काम नहीं करेंगे-एनसीपी
वहीं, एनसीपी प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा, ”एक दो दिन में सीएम पोर्टफोलियो का आवंटन करेंगे. विपक्ष चाय पार्टी का बहिष्कार करता है. अब चाय पार्टी रखने पर सोचना होगा. हमारी संख्या ज़्यादा है लेकिन हम विपक्ष का सम्मान करेंगे. बहुमत के बल पर मनमानी काम नहीं करेंगे.”
बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव रिजल्ट के 23वें दिन रविवार को नागपुर में मंत्रिमंडल विस्तार हुआ. फडणवीस सरकार में 33 कैबिनेट और 6 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली. CM और 2 डिप्टी CM समेत यह संख्या 42 हो गई है. कैबिनेट में कुल 43 मंत्री शपथ ले सकते हैं. एक सीट खाली रखी गई है.
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद CM और डिप्टी CM की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मंत्रियों का परफॉर्मेंस ऑडिट किया जाएगा. जिनका परफॉर्मेंस अच्छा नहीं होगा. उनके बारे में पुनर्विचार करेंगे.
- डिप्टी CM अजित पवार ने बताया कि मंत्रियों को दो से तीन दिन में पोर्टफोलियो दे दिए जाएंगे.
- डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने और फडणवीस ने कहा था कि हम मिलकर 200 सीट लाएंगे. दादा (अजित पवार) के आने से बोनस मिला. मैं फडणवीस के पीछे मजबूती से खड़ा रहूंगा.

