MP में तापमान 3.5 डिग्री, राजस्थान में कल माइनस में जा सकता है पारा
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Aaj ka Mausam: 2024 के अंतिम दिन और नए साल की शुरुआत होने जा रही है. इसी के साथ देशभर में मौसम ने करवट ली है. ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कैसा है आज का मौसम(Aaj ka Mausam)। साथ ही यह भी बताएंगे कि कल का मौसम (Kal Ka Mausam) कैसा रहेगा? तो चलिए पहले पहाड़ी राज्यों से शुरू करते हैं. इस समय देश के 3 राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है. इन तीनों राज्यों में सड़के-हाईवे बंद हैं. हजारों टूरिस्ट फंसे हुए हैं. मैदानी इलाकों की बात करें तो 5 राज्यों, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, देश के 10 राज्यों, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में घने कोहरे का अलर्ट है.
हिमाचल में बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है. कल्पा, कुफरी, और मुरंग जैसे स्थानों में 10 सेमी से ज्यादा बर्फ गिर चुकी है. न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक कम हो गया है. बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और यातायात प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बर्फबारी और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश के कल्पा में 14.9 सेमी, कुफरी में 14.5 सेमी, पूह में 12 सेमी, मुरंग में 12 सेमी, खदराला में 10 सेमी, सांगला में 8.5 सेमी, केलंग में 8 सेमी और कुकमसेरी में 1.6 सेमी ताजा बर्फबारी हुई है. इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है. हिमाचल में भी कई सड़कें और हाईवे बर्फबारी की वजह से बंद हैं. स्नोकटर मशीनों की मदद से सड़क से बर्फ हटाकर रास्ता बहाल करने की कोशिश की जा रही है.
जम्मू-कश्मीर में जारी है बर्फबारी और शीतलहर
जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी और शीतलहर ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कश्मीर घाटी में गुलमर्ग और पहलगाम जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर तेज हो गया है. गुलमर्ग में बीते दिन तापमान -8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में -6.5 डिग्री सेल्सियस रहा. मैदानी इलाकों में भी पारा सामान्य से नीचे है. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में और बर्फबारी हो सकती है. घाटी के निचले इलाकों में हल्की बारिश के भी आसार हैं. शीतलहर का असर अगले सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है. बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया है. सड़कों पर बर्फ जमने से यातायात बाधित है, जिससे वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी. कई उड़ानें रद्द की गई हैं. गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटक स्थलों पर पहुंचे सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए हैं. कई जगहों पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित जगहों तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं.
मध्य प्रदेश में शीतलहर
एमपी में शीतलहर का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है. 31 दिसंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है. बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने राज्य के लोगों को सतर्क रहने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है. मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में पिछले 24 घंटों में मौसम ठंडा रहा. नीमच जिले के मरूखेड़ा में न्यूनतम तापमान 3.5°C, राजगढ़ में 5.4°C, शिवपुरी के पिपरसमा में 5.5°C, शाजापुर के गिरवर में 7.2°C और शिवपुरी में 7.9°C रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के मुताबि, अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने और घना कोहरा छाने की संभावना है. 3 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचेगा, जिसका असर मध्य प्रदेश में भी दिख सकता है. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है. रात के तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी.

