सीएम नीतीश ने सियासी अटकलों पर लगाया विराम, दूसरे चरण की चल रही प्रगति यात्रा
By : डीबी न्यूज अपडेट| Edited By: प्रिंस अवस्थी
Nitish Kumar News: सीएम नीतीश कुमार ने इधर-उधर की चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है. गोपालगंज कलेक्ट्रेट में विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हम दो बार गलती से इधर से उधर चले गए थे, अब हमेशा साथ रहेंगे और बिहार के साथ देश का विकास करेंगे. सीएम नीतीश कुमार के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों पर विराम लग गया है. बता दें कि प्रगति यात्रा के दूसरे चरण में शनिवार को सीएम नितीश कुमार गोपालगंज पहुंचे थे.
‘हमलोग बिहार को आगे बढ़ा रहे हैं’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीएम ने कहा कि पहले हिन्दू-मुस्लिम के बीच विवाद की खबरें आती थीं. जब बिहार के लोगों ने हमलोगों को काम करने का मौका दिया, तब से बिहार की स्थिति बदली है. हर क्षेत्र में विकास के काम किए जा रहे हैं. किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया है. हमलोग मिलकर लगातार बिहार को आगे बढ़ा रहे हैं. सीएम ने कहा कि बिहार का कोई भी इलाका विकास से अछूता नहीं है. हमलोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया के निर्माण का काम बड़े पैमाने पर कराया है जिसके कारण बिहार के किसी भी कोने से पहले छह घंटे में लोग पटना पहुंचते थे, अब उसे घटाकर पांच घंटे किया गया है. इसके लिए हर प्रकार से काम किया जा रहा है.

