वॉशिंगटन डीसी में के रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास एक यात्री विमान अमेरिकी सेना के हेलीकॉप्टर से टकराकर पोटोमैक नदी में गिरा.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
US Plane Crash: वॉशिंगटन डीसी में के रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास एक यात्री विमान अमेरिकी सेना के हेलीकॉप्टर से टकराकर पोटोमैक नदी में गिरा. इस विमान में लगभग 64 लोग सवार थे, जिसमें से 4 क्रू मेंबर थे. BNO की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे के बाद 4 लोगों भी रेस्क्यू भी कर लिया गया है. वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 19 लोगों की डेड बॉडी नदी में निकाली जा चुकी है. हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या इससे ज्यादा बढ़ सकती है.
अमेरिकन एयरलाइंस का यह विमान विचिटा, कैनसस से उड़ान भरकर वॉशिंगटन डीसी की ओर आ रहा था. रनवे पर लैंडिंग के दौरान यह विमान सैन्य हेलीकॉप्टर से टकरा गया. चश्मदीदों के अनुसार, विमान के दाईं ओर अचानक झुकने के बाद इसमें आग लग गई और वह तेज़ी से नदी में गिर गई.
बड़े पैमाने पर राहत एंव बचाव कार्य जारी
इस बीच, अमेरिकी गृह मंत्री ने कहा कि दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए तटरक्षक बल सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर रहा है। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने बताया कि यह टक्कर पूर्वी मानक समयानुसार (ईएसटी) रात लगभग नौ बजे उस समय हुई, जब कंसास के विचिटा से उड़ान भरने वाला एक क्षेत्रीय विमान हवाई अड्डे के रनवे पर पहुंचते समय एक सैन्य ‘ब्लैकहॉक’ हेलीकॉप्टर से टकरा गया।
सेना के हेलीकॉप्टर से टकराया यात्री विमान
हेलीकॉप्टर ने प्रशिक्षण उड़ान भरी थी। विमान के रेडियो ट्रांसपोंडर से मिले डेटा के अनुसार, ‘अमेरिकन एयरलाइंस’ की उड़ान संख्या 5342 लगभग 400 फुट की ऊंचाई से करीब 140 मील प्रति घंटे की गति से हवाई अड्डे की ओर आ रही थी, तभी पोटोमैक नदी के ऊपर इसकी ऊंचाई तेजी से कम हो गई। विमान के उतरने से कुछ मिनट पहले ‘हवाई यातायात नियंत्रकों’ ने उससे पूछा कि क्या वह रीगन हवाई अड्डे के अपेक्षाकृत छोटे रनवे 33 पर उतर सकता है जिसके बाद विमान चालकों ने कहा कि वे ऐसा कर सकते हैं। इसके बाद नियंत्रकों ने विमान को रनवे 33 पर उतरने की अनुमति दे दी।
विमान ने नए रनवे पर जाने के लिए बदला था अपना मार्ग
उड़ानों पर नजर रखने वाली साइट के अनुसार, विमान ने नए रनवे पर जाने के लिए अपना मार्ग बदला. दुर्घटना से 30 सेकंड से भी कम समय पहले एक हवाई यातायात नियंत्रक ने हेलीकॉप्टर से पूछा कि क्या उसे विमान आता दिखाई दे रहा है। नियंत्रक ने कुछ ही क्षणों बाद हेलीकॉप्टर को एक और रेडियो कॉल करके कहा, ‘‘पीएटी 25, ‘सीआरजे’ के पीछे से गुजरे।’’ उसके कुछ सेकंड बाद दोनों विमान टकरा गए।
विमान के रेडियो ट्रांसपोंडर ने रनवे से करीब 2,400 फुट पहले नदी के लगभग बीचों बीच प्रसारण बंद कर दिया। निकटवर्ती कैनेडी सेंटर में लगे कैमरे से प्राप्त वीडियो में विमान के समान लग रही दो प्रकार की रोशनियां टकराकर आग के गोले में बदलती दिख रही हैं। आपातकालीन कर्मचारी विमान दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य कर रहे हैं। यह घटना 13 जनवरी, 1982 को ‘एयर फ्लोरिडा’ के विमान की दुर्घटना की याद दिलाती है जो पोटोमैक में गिर गया था. उस हादसे में 78 लोग मारे गए थे। उस दुर्घटना का कारण खराब मौसम बताया गया था.
चश्मदीदों ने बताई हादसे की दास्तान
घटनास्थल पर मौजूद कुछ चश्मदीदों ने बताया कि शुरू में विमान सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन कुछ ही सेकंड में यह अचानक 90 डिग्री से ज्यादा झुक गया। इसके बाद विमान के नीचे से चिंगारियां निकलने लगीं। फिर अचानक टकराने की वजह से विमान आग की लपटों में घिर गया।
सीईओ ने डीसीए हादसे पर जताई चिंता
अमेरिकन एयरलाइंस के सीईओ रॉबर्ट इसो ने डीसीए दुर्घटना को लेकर एक वीडियो बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि हादसे में शामिल लोगों की सुरक्षा को लेकर वह चिंतित हैं और उनकी कंपनी हरसंभव मदद देने के लिए तैयार है.
ट्रंप ने जताया हादसे पर दुख
इस घटना की जानकारी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दी गई. व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी कर कहा कि ईश्वर पीड़ितों की आत्मा को शांति प्रदान करे। राष्ट्रपति ने कहा कि वह हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं.
