21वां विशाल निःशुल्क नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर नरसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर में आयोजित, शिविर में 500 मरीजों की हुई जांच
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: परोपकार की भावना न केवल व्यक्ति की आत्मा और व्यक्तित्व का विकास करती है, बल्कि समाज के लिए भी महत्वपूर्ण है. उक्त आशय के उद्गार जगद्गुरु श्री नृसिंहपीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदास जी महाराज सरस्वती शिशु मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर में व्यक्त किए. अवसर था साकेतवासी महामण्डलेश्वर स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर के आयोजन का, जहां संस्कारधानी और अयोध्या से संतों का आगमन हुआ था. नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर कार्यक्रम के दौरान मंचासीन रहे संतों द्वारा गरीब, असहाय नेत्र रोगियों की सेवा में लगे एनआरआई ठाकुर हरकेश सिंह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके द्वारा किए जा रहे परोपकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की व उन्हें साधुवाद दिया.
आंखों की जांच और ऑपरेशन मुफ्त
नरसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर जबलपुर में हर वर्ष आयोजित होने वाले इस नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर में गरीब, असहाल, लाचार और निराश्रितों के आंख की जांच और उनका ऑपरेशन मुफ्त रहता है. शिविर में सबसे पहले नेत्र रोगी की जांच दक्ष डॉक्टरों की देखरेख में होता है और उसके बाद उनका ऑपरेशन देश के सबसे बड़े नेत्रालय दादा वीरेन्द्रपुरी जी नेत्रालय तिलवाराघाट में किया जाता है. यह शिविर ऐसे रोगियों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें देश-दुनिया ने ठुकरा दिया है और वे संसार को नहीं देख पा रहे हैं.
21वें वर्ष आयोजित हुआ नेत्र शिविर
पूज्य नृसिंहपीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु डॉ स्वामी नृसिंहदेवाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में और न्यू जर्सी, अमेरिका निवासी ठाकुर हरकेश सिंह जी के सौजन्य से 21वें वर्ष विशाल निःशुल्क नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें करीब 500 नेत्र रोगियों की जांच हुई और जांच उपरान्त मोतियाबिंद रोग से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन हेतु दादा वीरेन्द्रपुरी नेत्रालय ले जाया गया, वहां उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया और उनके आवास-भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क की गई. यह आयोजन साकेतवासी जगद्गुरु डॉ. स्वामी श्यामदेवाचार्य जी महाराज के सानिध्य में विगत वर्षों में संपन्न होता रहा है.
भोजन-आवास और दवाई भी देते हैं आयोजक
नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर में खासियत यह है कि प्रत्येक वर्ष नेत्र रोगियों का जिस दादा वीरेन्द्रपुरी हॉस्पिटल में ऑपरेशन होता है. उसी अस्पताल में नेत्र रोगियों को ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी की जाती है. इसके अलावा जिन मरीजों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन होता है. उन्हें छुट्टी के दिन दवाई का प्रबंध भी आयोजक करते हैं. उन्हें दोबारा चेकअप के लिए भी बुलाया जाता है और डॉक्टरों की सलाह व देखरेख मुफ्त है.
अमेरिका से आते हैं नेत्र शिविर के आयोजक
साकेतवासी स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री जी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन करने के लिए एनआरआई ठाकुर हरकेश सिंह हर साल अमेरिका से आते हैं और गरीब, असहाल लोगों का मुफ्त में नेत्रों की जांच से लेकर ऑपरेशन, दवाई, भोजन और आवास की सुविधा उपलब्ध कराते हैं. ऐसा परोपकार पूर्ण कार्य विरले लोगों में देखने को मिलता है, जिनका गरीबी और भारतीयता से प्रेम होता है.
इन संतों का मिला सानिध्य
नरसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर में आयोजित इस नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर में महंत कौशलकिशोर दास जी महाराज (अयोध्या), महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी जी, महाराज, महंत कालीनंद जी महराज कालीधाम, डॉ. स्वामी मुकुंददास जी महाराज, महामंडलेश्वर राधेचैतन्य, रामजी शरण, पं. वासुदेव शास्त्री आदि का आशीर्वाद नेत्र शिविर में आए भक्तों को मिला. इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूनम सिंह, हैप्पी परमार डॉ. पवन स्थापक, डॉ. आयुष टंडन, डॉ. बी के डांग, डॉ हितेश अग्रवाल, डॉ. संदीप मिश्रा, शरद काबरा, राजेन्द्र इंदूलता प्यासी, सुधा यादव, मनोज नारंग, राजेंद्र यादव, जगदीश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही. नेत्र रोगियों के परीक्षण के उपरांत भोजन भण्डारे का आयोजन किया गया. तत्पश्चात कार्यक्रम संपन्न हुआ.
भण्डारे में शामिल होते हैं शहर के श्रद्धालु
नरसिंह मंदिर शास्त्री ब्रिज गोरखपुर में आयोजित नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर के अवसर पर विशाल भण्डारे का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं. इस विशाल भण्डारे का पूरा खर्चा ठाकुर हरकेश सिंह एनआरआई द्वारा उठाया जाता है. आयोजक अपने परिवार के साथ ऐसे गरीबों की सेवा करने के लिए आते हैं. यह उनका देश प्रेम दर्शाता है.
