सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक ऑपरेशन के दौरान तीन आतंकवादियों को मार गिराया है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Jammu-Kashmir Army Search Operation: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू इलाके में सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. सुरक्षाबलों ने एक सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन के दौरान अब तक तीन आतंकियों को मार गिराया है. यह ऑपरेशन 9 अप्रैल से चल रहा था. शुक्रवार को पहले एक आतंकी को मारा गया था. अब सुरक्षाबलों ने दो और आतंकियों को ढेर कर दिया है. सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में एक जैश-ए-मोहम्मद का टॉप कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल है. फिलहाल पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षाबल अलर्ट मोड पर हैं ताकि कोई और आतंकी छिपा न हो.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सेना की ओर से 9 अप्रैल से किश्तवाड़ के छात्रू जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा था. सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गुरुवार को भी मुठभेड़ हुई थी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अन्य आतंकियों की तलाश में सेना, पुलिस और सीआरपीएफ जवानों के साथ पैरा कमांडो जुटे हुए हैं. आतंकियों के खात्मे के लिए सुरक्षाबलों के साथ रामनगर थाना के प्रभारी पूर्व सिंह भी पुलिस जवानों के साथ जुटे हुए हैं.

