प्रयागराज महाकुंभ में माघ पूर्णिमा स्नान से पहले राज्य सरकार ने जिला और महाकुंभ प्रशासन को अहम आदेश जारी किए हैं.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Mahakumbh 2025 Traffic on Magh Purnima Snan : माघी पूर्णिमा के पहले संगम तट पर भारी भीड़ है. प्रयागराज जाने वाले मार्ग की कुछ ऐसी तस्वीरें देखने को मिल रही है जो परेशान करने वाली है और चिंता बढ़ाने वाली हैं. दरअसल संगम नोज़ पर बढ़ती भीड़ को किला की तरफ डायवर्ट किया गया है, लेकिन उस डायवर्सन के बीच जो लोग संगम नहा कर लौट रहे थे उनको समय से नहीं रोका गया है. ऐसे में कुछ देर तक भीड़ आपस में आमने-सामने आ गई. जिससे भयावह की स्थिति निर्मित हो सकती है. हलांकि प्रशासन मुस्तैद बताया जा रहा है और भीड़ से निपटने के सारे प्रबंध करके रखे हुए हैं. इस दौरान प्रयागराज जाने वालों का तांता लगा हुआ है. ट्रैफिक जाम में फंसे लोग असहाय महसूस कर रहे हैं. नेशनल हाइवे में फंसे वाहनों के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है. क्योंकि अधिकांश लोगों को रूट परिवर्तन के साथ प्रयागराज से बाहर निकलने की जानकारी ही नहीं है.
वाराणसी रोड पूरी तरह से सुरक्षित
प्रयागराज से वाराणसी रोड का रास्ता पूरी तरह से सुरक्षित है. इस रूट पर वाहनों का दबाव कम है. प्रयागराज से गोपीगंज होते हुए मिर्जापुर पहुंचा जा सकता है और उसके बाद वाराणसी रीवा रोड से महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल की ओर से आने वाले वाहन निकल सकते हैं. लेकिन वाहन चालकों को जानकारी नहीं होने से रीवा से प्रयागराज रूट पर भारी जाम के हालात हैं, जिससे निपटने प्रशासन भी बौना साबित हो रहा है.
अयोध्या में स्कूल बंद
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महाकुंभ से लौटने के बाद भारी संख्या में भक्त अयोध्या का रुख कर रहे हैं जिसकी वजह से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है. अयोध्या में भीड़ बढ़ने की वजह से राम पथ, भक्ति पथ और राम जन्मभूमि पथ को पूरी तरह सील कर दिया गया है. भीड़ की वजह से जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है. ताकि भीड़ पर नियंत्रण किया जा सके. सड़कों पर जाम की स्थिति के चलते स्थानीय लोगों का भी आना-जाना मुश्किल हो गया है. ऐसे में स्कूलों को बंद कर दिया गया है.
भीड़ देखकर सियासत में भी आया उबाल
कोई नया निर्माण बिना तोड़ फोड़ के नहीं होता है..और वही नकारत्मकता आप देख रहे हैं..जो लोग कुछ नहीं कर पाए आज वे महाकुँभ के बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं. कह रहे हैं वीआईपी दर्शन हो रहे हैं. वहां किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है. न जाति का भेद है न पंथ का भेद है. 29 दिनों में 45 करोड़ श्रद्धालु वहां स्नान कर चुके हैं. भारत और चीन के अलावा इतनी आबादी किसी देश की नहीं है. नकारात्मकता फैलाने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने जीवन भर वीवीआईपी सुविधाओं का उपभोग किया है. उन्होंने आने वाली पीढ़ी को भी सुविधाएं देने का प्रयास किया. वे ऐसा सोचते हैं जैसे देश उनकी बपौती हो. ये वही लोग हैं जो नकारत्मकता पैदा करके भारत और सनातन धर्म के खिलाफ दुषप्रचार करते हैं.
योगी आदित्यनाथ, सीएम यूपी
ये डबल इंजन नहीं डबल ब्लंडर की सरकार है. श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलनी चाहिए. सरकार ने प्रचार में इतना खर्च किया, कई एजेंसीज हायर कीं इमेज को बेहतर करने के लिए. कुंभ धार्मिक है, पुण्य के लिए है. इसमें इमेज का सवाल नहीं है. जिम्मेदारी सीएम की है और जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है. लोग तीन दिन गाड़ियों में रहे, सड़कों पर रहे .प्रयागराज के लोग हाउस अरेस्ट में हैं.
अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी के मुखिया

