विदिशा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐलान किया कि राज्य सरकार संचालित बस सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: नए साल 2025 में मध्य प्रदेश वासियों को बड़ी सौगात मिल सकती है. दो दशक पहले बंद की गई राज्य सरकार संचालित बस सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी. शनिवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बस सुविधा शुरू करने का ऐलान किया. मुख्यमंत्री विदिशा जिले के लटेरी कस्बे में सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि गरीबों को बस सेवाओं की आवश्यकता होती है. संपन्न लोगों के पास खुद की गाड़ियां होती हैं.
समय सीमा नहीं बताई
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “याद कीजिए, 20 साल पहले की स्थिति. सड़कों पर राज्य परिवहन निगम की बसें दौड़ा करती थीं. परिवहन निगम की बस सेवाओं की फिर से आवश्यकता है. हम सरकारी बस सेवाएं दोबारा शुरू करने जा रहे हैं.” हालांकि, उन्होंने बस शुरू करने की समय सीमा नहीं बताई.
निजी ऑपरेटर्स की मनमानी जारी
बता दें कि मध्य प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम को 2005 में बंद कर दिया गया था. बस बंद होने के बाद मार्गों पर निजी ऑपरेटर्स का कब्ब्जा हो गया है. बड़े शहरों में बस सेवा नगर निगमों की तरफ से संचालित की जाती हैं. गौरतलब है कि लोक परिवहन सेवा गरीब लोगों के सस्ती होती है.

