राजभवन के बाहर प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष, वहीं बिहार की राजनीति में भी उथल-पुथल मची हुई है
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Colonel Sofia Qureshi: कर्नल सोफिया कुरैशी के लिए अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ कांग्रेस विधायकों ने भोपाल में राजभवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया. वहीं दूसरी ओर शाह का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. शाह को लेकर अब बिहार में भी सियासत शुरू हो गई है. वे विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं. शुक्रवार (16 मई, 2025) को पटना में जगह-जगह पोस्टर लगाकर भाजपा का विरोध जताया जा रहा है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के लिए अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले नेता के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहने और विपक्ष के विधायकों ने मंत्री विजय शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला.
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और विजय शाह के इस्तीफे की मांग वाला एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन सौंपने के बाद राजभवन के गेट पर विधायकों ने प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने ‘विजय शाह इस्तीफा दो’ और ‘बीजेपी सरकार सरकार शर्म करो’ जैसे नारे लगाए.
अभद्र टिप्पणी करने वाले नेता ने किया सेना का अपमान
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव विजय शाह का इस्तीफा क्यों नहीं ले रहे हैं? विजय शाह ने हमारी वीर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की है, जो न केवल सेना का अपमान है, बल्कि देश की बेटियों का भी अपमान है. मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह और उनकी पूरी कैबिनेट शाह के बयान का समर्थन करती है. यदि नहीं, तो तो तत्काल उनका इस्तीफा लिया जाए.”
बता दें कि विजय शाह ने इंदौर जिले के महू में एक कार्यक्रम के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इस बयान के बाद मध्य प्रदेशहाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए शाह के खिलाफ इंदौर के मनपुर थाने में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था. इसके बावजूद बीजेपी ने शाह के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे कांग्रेस और आक्रामक हो गई है.

