एमपी सरकार ने बालाघाट में धान उत्पादक 6.69 लाख किसानों के खातों में 337 करोड़ रुपये का बोनस भेजा.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: एमपी सरकार ने अन्नदाता किसान भाइयों का कल्याण करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. बालाघाट के कटंगी से सीएम मोहन यादव ने सिंगल क्लिक पर किसानों के खाते में करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए हैं. इससे 6.69 लाख धान उत्पादक किसानों को फायदा होगा. कटंगी में आज बोनस वितरण का राज्य स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया गया.
इस अवसर पर 244 करोड़ रुपये के 75 निर्माण कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया. धान खरीदी के लिए किसानों को दी गई राहत राशि से किसान गदगद हैं. क्योंकि बालाघाट जिले के कटंगी तहसील से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धान का बोनस दिया है. सीएम ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 4 हजार रुपये बोनस देने की बात कही थी. इस घोषणा को आज लागू किया गया.
बैंक खातों में एक क्लिक पर पैसा गया
आज बुधवार 24 सितंबर को कृषि उपज मंडी के मैदान में किसानों के लिए बोनस वितरण का राज्य स्तर का आयोजन हुआ. वहां डॉ. यादव ने 6 लाख 69 हजार धान उत्पादक किसानों को 337 करोड़ 12 लाख रुपये का बोनस एक क्लिक से उनके खातों में डाला.
किसान होंगे लाभान्वित
कार्यक्रम के दौरान डॉ. यादव ने 4315 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे. वे बालाघाट जिले के 244 करोड़ रुपये वाले 75 निर्माण कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. जगह पर कई किसान और युवा इकट्ठे हुए. इस बोनस से जिले के एक लाख से ज्यादा किसान लाभान्वित होंगे.
मां चंद्रघंटा के साथ ज्वाला मैया का आशीर्वाद लिया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां चंद्रघंटा के साथ ज्वाला मैया का आशीर्वाद भी कटंगी में मिला है। बालाघाट ने विकास का लंबा रास्ता तय किया है और आज विकास की अहम धुरी बन चुका है। यहां के किसानों और जवानों ने अपने परिश्रम से क्षेत्र का माहौल ही बदल दिया है। यहां के जीआई टैग वाले चिन्नौर के चावल की खुशबू दूर-दूर तक फैली हुई है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में बालाघाट के कुछ युवा पथ भ्रमित हो गए थे, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने नक्सल उन्मूलन के लिए 31 मार्च 2026 की तारीख तय कर दी है। उन्होंने कहा कि आज बालाघाट के 850 जवानों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। अब यहीं के युवा यहीं पर प्रशिक्षण लेकर अपने गांव, कस्बे, जल, जंगल, जमीन और वन्य प्राणियों की रक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अपने सभी संकल्पों को पूरा करते हुए तेजी से आगे बढ़ रही है। किसानों को सम्मान निधि के साथ-साथ प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार ने लाड़ली बहनों से किया वादा भी निभाया है। रक्षाबंधन पर उन्हें 1500 रुपए दिए, अब दीपावली की भाईदूज से हर माह 1500 रुपए देंगे। हम धीरे-धीरे यह राशि बढ़ाकर 3000 रुपए कर देंगे.
गौमाता को संरक्षण और सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने गौमाता को संरक्षण देने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना शुरू की है। किसान भाई अधिक से अधिक गाय पालकर दुग्ध उत्पादन करें और अपनी आय बढ़ाएं। किसान भाई गौपालन के साथ-साथ प्राकृतिक खेती से जुड़ें। उन्होंने कहा कि जिसके घर गाय वो गोपाल, 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास गौमाता में होता है। कोई भी गौमाता को परेशान करेगा, उसे समाज में रहने की कोई जगह नहीं है। हमारी सरकार ने गौशालाओं के अनुदान की राशि बढ़ाई है। प्रदेश में बड़ी-बड़ी गौशालाएं खोली जा रही हैं।
कटंगी विधायक गौरव सिंह पारधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ कृषि विकास एवं कृषि आधारित उद्योग विकसित करने पर भी विशेष प्रोत्साहन प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बालाघाट के कटंगी में विकास की गंगा बहाई है। अपना वादा निभाने के लिए वे एक बार फिर बालाघाट आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कटंगी विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए राजीव सागर और नहलेसरा बांध को इंटरलिंक किया जाए। जंगल और खेतों के बीच सोलर फेंसिंग कराई जाए। उन्होंने बालाघाट जिले को बुधवार को मिले करीब 245 करोड़ की लागत के विकास कार्यों की सिलसिलेवार जानकारी दी.
मुख्यमंत्री ने चलाया पेडी ट्रांसप्लांटर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कृषि नवाचार को बढ़ावा देने वाले पेडी ट्रांसप्लांटर की खूबियों को जाना और उसे चलाकर भी देखा। प्रदर्शनी में स्व-सहायता समूह की लखपति बहनों ने तुअर दाल बनाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समूह की महिलाओं द्वारा किये गये कार्य की सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी में लगी जीएसटी महाबचत उत्सव स्टॉल का अवलोकन कर कहा कि किसानों के साथ आमजन के जीवन में बचत का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि जीएसटी महाबचत उत्सव को अधिक से अधिक प्रचारित कर आमजन तक इसका संदेश पहुंचाया जाये।
