केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनटीए को निशाने पर लिया, धर्मेंद्र प्रधान ने एनटीए को लेकर कहा, “हमें जानकारी मिली है, हम सारे विषयों को एक निर्णायक स्थिति तक ले जाएंगे।
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Dharmendra Pradhan On NTA: नई दिल्ली. नीट यूजी 2024 के रिजल्ट में लगातार धांधली के आरोप लगते जा रहे हैं। इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनटीए को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “NEET मामले में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ बर्दास्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने रविवार को साफ कर दिया है कि अगर एनटीए में कोई दोषी होगा तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा। बता दें कि, नीट यूजी एग्जाम में इस बार कुल 24 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इसके बाद अब यह परीक्षा कई अनियमितताओं के आरोपों में घिर चुकी है। परीक्षा में हुई धांधली के आरोपों को लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। किसी गुनहगार को छोड़ा नहीं जाएगा- शिक्षा मंत्री केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “NEET के संबंध में 2 प्रकार की अव्यवस्था का विषय सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी थी कि कुछ छात्रों को कम समय मिलने के कारण उनको ग्रेस नंबर दिए गए। दूसरा 2 जगहों पर कुछ गड़बड़ियां सामने आई हैं। मैं छात्रो और अभिभावकों को आश्वस्त करता हूं कि इसे भी सरकार ने गंभीरता के साथ लिया है।”
बड़े अधिकारी होंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा
धर्मेंद्र प्रधान ने एनटीए को लेकर कहा, “हमें जानकारी मिली है, हम सारे विषयों को एक निर्णायक स्थिति तक ले जाएंगे। उसमें जो भी बड़े अधिकारी होंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। NTA में बहुत सुधार की आवश्यकता है। सरकार इस पर चिंता कर रही है, किसी गुनहगार को छोड़ा नहीं जाएगा उनको कठोर से कठोर दंड मिलेगा।” धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- NEET एग्जाम में दो प्रकार की समस्याओं की जानकारी सामने आई है। शुरुआत में 1563 स्टूडेंट्स को टेस्ट सेंटर पर कम समय मिलने की वजह से ग्रेस मार्क्स दिए गए थे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक अब इन कैंडिडेट्स के लिए 23 जून को दोबारा एग्जाम कंडक्ट कराया जाएगा।
जानें पूरा मामला
नीट यूजी एग्जाम को लेकर आरोप है कि कुछ छात्रों के अंक बढ़ाए गए हैं। साथ ही, इस बार रिकॉर्ड 67 उम्मीदवारों को पूरे अंक के साथ टॉप रैंक मिला है। इसके अलावा छह एग्जाम सेंटर पर परीक्षा में देरी हुई। जिसके बाद नुकसान की भरपाई के लिए 1563 छात्रों को ग्रेस मार्क दिया गया। इस मामले पर भी मुद्दा गर्म है।
कई राजनीतिक दलों ने लगाया गड़बड़ी का आरोप
गौरतलब है कि कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल और छात्र संगठन एमबीबीएस जैसे मेडिकल पाठ्यक्रमों के लिए होने वाली नीट में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं. कांग्रेस ने नीट का पर्चा लीक होने का आरोप लगाया है. इसको लेकर स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच की मांग की गई है.
कांग्रेस की हाई स्कोरर के वीडियो जारी करने की मांग
कांग्रेस का कहना है कि शिक्षा मंत्री को नीट घोटाले में सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच का आदेश देना चाहिए. जिन केंद्रों पर बड़े हाई स्कोरर हैं, उनके वीडियो जारी किए जाने चाहिए. इससे घोटाले की पहचान हो सकेगी. पता लग सकेगा की परीक्षा के बाद या एनटीए कार्यालय में ओएमआर भरा गया था या अन्य कोई गड़बड़ी हुई थी.
NEET 2024 एग्जाम में कई चीजों को लेकर उठे सवाल
नीट-यूजी को लेकर आरोप लगे हैं कि कुछ छात्रों के अंक बढ़ाए गए और इस वजह से ही इस बार रिकॉर्ड 67 उम्मीदवारों ने पूरे अंकों साथ टॉप रैंक हासिल की है. छह एग्जाम सेंटर पर परीक्षा में देरी के कारण हुए समय के नुकसान की भरपाई के लिए 1,500 से अधिक छात्रों को ग्रेस मार्क दिया गया, जो सवालों के घेरे में है.

