Donald Trump Shooting Video: अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव हो रहे हैं और डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से दौड़ में शामिल हैं. ट्रंप लगातार रैलियों को संबोधित कर रहे हैं.
Source : MEDIA
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: सुप्रिया
Donald Trump Shooting: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जान बाल-बाल बच गई है. पेनसिल्वेनिया में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे ट्रंप पर हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गए. ट्रंप पर एक शूटर ने गोलियां चलाईं, जो उनके कान को छूते हुए निकल गई. इस घटना में ट्रंप घायल हो गए और उनके कान से खून भी निकलने लगा है. फिलहाल डॉक्टरों ने ट्रंप का इलाज कर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया है. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है.
डोनाल्ड ट्रंप स्थानीय समय के मुताबिक शनिवार (13 जुलाई) को पेनसिल्वेनिया के बटलर शहर में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे हुए थे. वह रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं और इन दिनों जनता के बीच पहुंचकर जन समर्थन हासिल कर रहे हैं. ट्रंप जिस वक्त मंच से भाषण दे रहे थे, उसी वक्त शूटर ने उन पर गोलियां चलाईं. वो तो भला हो सीक्रेट सर्विस के जवानों का, जिन्होंने तुरंत ट्रंप को चारों ओर से घेरकर सुरक्षा घेरा बनाया और मंच से सुरक्षित नीचे उतारा.
ट्रंप पर हमले के वीडियो में क्या है?
वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रंप अपने चिर-परिचित अंदाज में रैली में आई जनता को संबोधित कर रहे हैं. वह अपनी फेमस लाल रंग वाली टोपी भी लगाए हुए हैं. इसी दौरान जब वह भाषण दे रहे होते हैं तो गोलियां चलने की आवाज आती है. दो से तीन राउंड गोली चलती है. तभी ट्रंप अपने कान पर हाथ लगाते हैं और देखते हैं कि उससे खून बह रहा है. इस दौरान कई राउंड और गोलियां चलती हैं और सीक्रेट सर्विस के जवान ट्रंप को चारों ओर से घेरकर जमीन पर लिटा देते हैं.
खून से लथपथ कान भी दिखाई देता है
ट्रंप के पीछे बैठे हुए लोगों के बीच भी अफरा-तफरी मच जाती है. हर कोई इधर-उधर भागने लगता है. कुछ पल में नीचे बैठे हुए लोग उठने लगते हैं. सीक्रेट सर्विस के जवान भी ट्रंप को उठाते हैं और सुरक्षा घेरा बनाकर गाड़ी की ओर बढ़ने लगते हैं. ट्रंप को कुछ देर तक कुछ भी समझ नहीं आ रहा होता है. वह खड़े होते हैं और इस दौरान उनका खून से लथपथ कान भी दिखाई देता है. ट्रंप मुट्ठी बनाकर हवा में हाथ को लहराते हैं और फिर सीक्रेट सर्विस के जवान उन्हें गाड़ी में बैठा देते हैं.
हमलावर को किया गया ढेर
सीक्रेट सर्विस ने कहा है कि ट्रंप पर हमला करने वाले शख्स को ढेर कर दिया गया है. एक बयान में कहा गया, “13 जुलाई की शाम लगभग 6:15 बजे बटलर, पेनसिल्वेनिया में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप की चुनावी रैली के दौरान, एक संदिग्ध शूटर ने रैली स्थल के बाहर एक ऊंचे स्थान से मंच की ओर कई राउंड गोलियां चलाईं. सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को ढेर कर दिया है. ट्रंप सुरक्षित हैं. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं.”
18 घंटे बाद हुआ बाइडेन का पहला संबोधन
डोनाल्ड ट्रम्प पर हुए हमले के लगभग 18 घंटे बाद बाइडेन ने पहली बार देश को संबोधित किया. संबोधन भारतीय समयानुसार 15 जुलाई को देर रात हुआ। राष्ट्रपति ने कहा, “मैंने ट्रम्प से बात की है. अमेरिका में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.” बाइडेन ने कहा कि इस मामले की जांच अभी शुरुआती चरणों में है. हमें अभी इस घटना के मकसद की कोई जानकारी नहीं है. इसलिए इस घटना के मकसद को लेकर लोग अपनी थ्योरी न बनाएं. FBI और सीक्रेट सर्विस एजेंसियों को अपना काम करने दें.
हमारी कोशिश है कि इस हमले के बाद ट्रम्प को और अधिक सुरक्षा दी जाए। इसके लिए सीक्रेट सर्विस को निर्देश दिया गया है. बाइडेन ने बताया कि मैंने सीक्रेट सर्विस के डायरेक्टर को निर्देश दिया है कि कल से शुरू होने वाले रिपब्लिक पार्टी के नेशनल कन्वेंशन की सुरक्षा व्यवस्था का अच्छे से जायजा लिया जाए. FBI के मुताबिक ट्रम्प का हमलावर थॉमस मैथ्यू क्रूक्स पेंसिल्वेनिया के एक स्पोर्ट्स क्लब का मेंबर था. जहां 200 यार्ड की राइफल शूटिंग की रेंज भी है.
हालांकि अभी तक ये जानकारी नहीं हो पाई है कि उसने यहां ट्रेनिंग ली थी या नहीं। मैथ्यू के एक नर्सिंग होम में काम करने की भी जानकारी सामने आई है.
