Anant Ambani Radhika Merchant Wedding: अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में विदेशी मेहमानों के साथ-साथ देश के कई प्रमुख नेता भी शामिल हो रहे हैं.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: सुप्रिया
Rahul Gandhi News: राहुल गांधी के अनंत अंबानी की शादी में शामिल होने की चर्चा चल रही थी, क्योंकि वह महाराष्ट्र के दौरे पर जाने वाले हैं. मगर अब ये साफ हो चुका है कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल इस शादी में हिस्सा नहीं लेने वाले हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की शुक्रवार (12 जुलाई) को शादी हो रही है. अनंत अंबानी राधिका मर्चेंट के साथ शादी के बंधन में बंध रहे हैं. अंबानी परिवार के शादी समारोह में नेताओं से लेकर बॉलीवुड सितारे तक शामिल हो रहे हैं. मुकेश अंबानी ने गांधी परिवार को भी शादी का निमंत्रण दिया था. हालांकि, मुंबई में हो रही इस शादी में राहुल गांधी, सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी में से कोई भी शामिल नहीं हो रहा है. राहुल गांधी महाराष्ट्र तो जाने वाले हैं, लेकिन अंबानी परिवार के इस ‘शाही कार्यक्रम’ से दूरी बनाए रखेंगे.
अनंत-राधिका की शादी में क्यों शामिल नहीं हो रहे राहुल?
दरअसल, एनसीपी (शरद गुट) के मुखिया शरद पवार ने राहुल गांधी को पंढरपुर यात्रा के लिए निमंत्रण दिया है. पंढरपुर यात्रा के साथ मराठी मानुष की भावना और श्रद्धा जुड़ी हुई है. कांग्रेस के नेताओं ने भी राहुल को सलाह दी है कि वह पंढरपुर यात्रा में शामिल हों, क्योंकि इससे उन्हें आने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मजबूती मिलेगी. राहुल ने शरद पवार के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और वह 14 जुलाई को महाराष्ट्र के दौरे पर होंगे.

