भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सभी कार्यक्रम मलेशिया में निर्धारित योजना के अनुसार सफलतापूर्वक आयोजित हुए.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Indian Delegation in Malaysia: पाकिस्तान के द्वारा मलेशिया में भारतीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रमों को रद्द करवाने की कोशिश की थी, लेकिन उसे कुआलालंपुर सरकार ने नकार दिया. पाकिस्तान ने इस्लामी एकता का हवाला देकर मलेशियाई अधिकारियों से भारतीय प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रमों को रोकने की मांग की थी, लेकिन मलेशिया ने पाकिस्तानी हस्तक्षेप को सिरे से खारिज कर दिया.
पाकिस्तान नहीं चाहता था भारतीय प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम का आयोजन
मीडिया सूत्रों से खबर लगी है कि पाकिस्तानी दूतावास ने मलेशियाई अधिकारियों से भारतीय प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम रद्द करने का आग्रह किया, लेकिन यह कारगर नहीं हुआ और प्रतिनिधिमंडल को पूरा समर्थन मिला. प्रतिनिधिमंडल के सभी कार्यक्रम तय योजना के अनुसार ही हुए. इसे पाकिस्तान के लिए एक बड़ा कूटनीतिक झटका माना जा रहा है.
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेडीयू सांसद संजय झा ने किया और इसमें बीजेपी सांसद अपराजिता सारंगी, बृज लाल, प्रदान बरुआ और हेमंग जोशी, तृणमूल के अभिषेक बनर्जी, सीपीएम के जॉन ब्रिटास, कांग्रेस के सलमान खुर्शीद और पूर्व राजनयिक मोहन कुमार शामिल थे.

