Jammu-Kashmir Election: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी नेताओं में टिकट बंटवारे को लेकर नाराजगी, सांबा के जिला अध्यक्ष कश्मीरा सिंह ने दिया इस्तीफा
By : डीबी न्यूज अपडेट| Edited By: सुप्रिया
Jammu Kashmir Assembly Election 2024: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. दरअसल बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर कई नेता खफा हैं. इसी नाराजगी के चलते सांबा जिले के अध्यक्ष कश्मीरा सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. बताया जा रहा है कि बीजेपी ने सांबा से सुरजीत सिंह सलाथिया को उम्मीदवार बनाया है, जो कि हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं. सुरजीत सिंह मूलत: नेशनल कांफ्रेंस पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए हैं.
बीजेपी के सीनियर नेताओं का इस्तीफा
गौरतलब है कि चुनाव से पहले जम्मू और कश्मीर बीजेपी में कई नेता विरोध के सुर उठा रहे हैं. यहां टिकट बंटवारा पार्टी के लिए बड़ी मुसीबत बनता दिख रहा है. बीजेपी के सीनियर नेताओं को टिकट न मिलने की नाराजगी है. इसी के चलते 50 साल से बीजेपी के साथ रहे चंदर मोहन शर्मा ने भी अब साथ छोड़ दिया है. इसके अलावा, कटरा की वैष्णो देवी सीट से नेता रोहित दुबे भी नाराज हैं. माना जा रहा है कि दोनों ही नेता कोई और पार्टी जॉइन करने के बजाय निर्दलीय ही चुनाव लड़ सकते हैं.

