Shahdol News: शहडोल जिले में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए फैलाया गया था करंट
By : डीबी न्यूज अपडेट| Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में करंट लगाकर जंगली जानवरों का शिकार करने की घटना आम हो गई है. शहडोल जिले का अधिकांश क्षेत्र जंगलों से घिरा है. जिले की सीमा से लगे उमरिया जिले के बांधवगढ़ से जंगली जानवर शहडोल के आबादी क्षेत्र में भी आ जाते हैं. इस वजह से शिकारी बिजली का करंट लगाकर उनका शिकार कर लेते हैं, लेकिन यहां उस समय हड़कंप मच गया जब करंट से तेंदुए के साथ एक ग्रामीण की भी मौत हो गई.
करंट से तेंदुए और एक व्यक्ति की मौत
घटना गोहपारू वन परिक्षेत्र अंतर्गत चुहिरी सर्किल के कोडार बीट की है. जहां तेंदुए के शव से 100 मीटर की दूरी पर एक ग्रामीण का शव पड़ा मिला. युवक कमलेश बैगा पिता बिरजू बैगा उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम कुदरी का रहने वाला था. सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने तेंदुए के पास पड़े ग्रामीण के शव को देखकर मामले की जानकारी पुलिस के साथ वन विभाग के अधिकारियों को दी.
जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी एवं पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. जहां तेंदुए और युवक कमलेश बैगा का शव मिला वहां 11 हज़ार केवी की लाइन से जंगल में जीआई वायर बिछाई गई थी. जिसके करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई. इस मामले की वन विभाग के साथ पुलिस भी जांच कर रही है.

