एमपी जबलपुर में नगर निगम चौक तीनपत्ती से निकला मुख्य दशहरा चल समारोह, मांदुर्गा प्रतिमाओं सहित रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले रहे शामिल
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Dussehra 2025 : देशभर में दशहरा के मौके पर रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है. मध्य प्रदेश जबलपुर में भी दशहरा चल समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने पर जोर दिया गया और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा लगाए गए टैरिफ का विरोध किया गया. इसके अलावा चल समारोह में भगवती की दिव्य प्रतिमाएं शामिल रहीं और भगवान श्रीराम के चरित्र का वर्णन करने वाली अन्य जीवंत प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र रहीं. गोविंदगंज रामलीला समिति के नेतृत्व में निकाले गए चल समारोह में भगवान श्रीराम, हनुमानजी, रावण की जीवंत झांकियां शामिल रहीं और राष्ट्रीय महत्व को दर्शाने वाली अन्य मूर्तियां चल समारोह में शामिल रहीं.

संदेश देने की कोशिश
चल समारोह में प्रमुख रूप से पराली जलाने के नुकसान का संदेश देने वाली झांकी शामिल चर्चा का विषय बनी रही. वहीं जबलपुर के मटर को प्रमोट करने वाली झांकी को देखने वालों की भीड़ देख् गई. इसके अलावा आपरेशन सिंदूर, ट्रंप पर वार मोदी का स्वदेशी प्रहार की थीम पर बनाई गई झांकी सबसे ज्यादा चर्चित रही. छत्रपति शिवाजी महाराज, रानी लक्ष्मीबाई शौर्यगाथा की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही.

सुरसा, राम-रावण युध्य का संदेश
चल समारोह में प्रमुख रूप से 20 फुट ऊंचे रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण की झांकी शामिल रही. वहीं भगवान श्रीराम-लक्ष्मण, रावण की जीवंत झांकी भी शामिल रहीं. वहीं सुरसा के मुहं में जाते और निकलते हनुमानजी की झांकी भी कौतूहल का विषय बनी रही. आदि शिव के दरबार में अघोरी, यमराज ने भक्तों को आकर्षित किया.

इस मार्ग से निकला चल समारोह
गोविंदगंज रामलीला समिति का चल समारोह में शामिल देवी प्रतिमाएं मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, कोतवाली होते हुए मिलौनीगंज में संपन्न हुआ. इसके बाद रामलीला समिति द्वारा रावण दहन किया गया. रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकर्ण का पुतला भी जलाया गया.

