आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे देवेंद्र फडणवीस, आजाद मैदान में शाम पांच बजे से महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा.
By: DB News Update | Edited by: prince Awasthi
Contents
Maharashtra Oath Ceremony: महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस को नयी सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है. वह बृहस्पतिवार (5 दिसंबर) को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार समेत दो उपमुख्यमंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी.
शपथ ग्रहण समारोह की पूरी तैयारी कर ली गई है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं. वहीं, मेहमानों की सूची भी तैयार हो गई है. उनके शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी के अलावा ‘लाडकी बहन’ योजना की 1,000 लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है.
शामिल होंगे ये मेहमान
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
- एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री/उपमुख्यमंत्री
- केंद्रीय मंत्री
- साधु-संत
- ‘लाडली बहना’ योजना की 1,000 लाभार्थी महिलाएं
- किसान लाभार्थी
- उद्योग, मनोरंजन, शिक्षा और साहित्य जगत की जानी-मानी हस्तियां
- महायुती के सभी घटक दलों- भाजपा, शिवसेना और एनसीपी के कार्यकर्ता

