UP News: उत्तर प्रदेश सरकार अब सोशल मीडिया के अलग-अलग मंचों पर अकाउंट धारकों और प्रभावशाली व्यक्तियों को विज्ञापन देकर राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करने पर आर्थिक सहायता देगी
By : DB News Update| Edited By: सुप्रिया
Social Media Policy: यूट्यूब पर वीडियो, शॉर्ट्स, पॉडकास्ट भुगतान के लिए श्रेणीवार अधिकतम सीमा क्रमशः 8 लाख, 7 लाख, 6 लाख और 4 लाख प्रतिमाह निर्धारित की गई है. लेकिन आईटी एक्ट के तहत 3 साल से अधिक अजीवन कारावास की सजा का भी प्रावधान रखा गया है. इससे पहले आईटी एक्ट में ऐसे प्रावधान नहीं थे. यानि यूपी सरकार सोशल मीडिया के जरिए जिन लोगों द्वारा भ्रामक जानकारी परोसी जाएगी. उन पर शिकंजा कसने की पूरी तैयारी है.
सख्ती से सवाल उठने लगे
उत्तर प्रदेश सरकार ने एक नई डिजिटल मीडिया नीति का मसौदा तैयार किया है. इसमें किसी भी ‘आपत्तिजनक सामग्री’ को ऑनलाइन डालने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान भी किया गया है. सरकार ‘फेसबुक’, ‘एक्स’, ‘इंस्टाग्राम’ और ‘यूट्यूब’ जैसे विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर इनके अकाउंट धारकों और प्रभावशाली व्यक्तियों को उनके ‘फॉलोअर्स’ और ‘सब्सक्राइबर्स’ के आधार पर प्रति माह आठ लाख रुपये तक का भुगतान करेगी. हालांकि नई पॉलिसी की सख्ती पर सवाल उठ रहे हैं. विपक्ष के साथ-साथ सोशल मीडिया पर यूजर्स भी इसकी आलोचना कर रहे हैं.
अभद्र, अश्लील और राष्ट्र विरोधी नहीं होनी चाहिए
सरकार ने कहा है कि ‘आपत्तिजनक सामग्री’ अपलोड किए जाने की स्थिति में संबंधित सोशल मीडिया ऑपरेटरों, प्रभावशाली व्यक्तियों, फर्म या एजेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद द्वारा हस्ताक्षरित बयान में कहा गया है कि डिजिटल नीति के ड्राफ्ट में फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर आपत्तिजनक सामग्री अपलोड किए जाने पर संबंधित एजेंसी/फर्म के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है. किसी भी परिस्थिति में सामग्री अभद्र, अश्लील और राष्ट्र विरोधी नहीं होनी चाहिए.
क्या है नीति?
बयान में कहा गया है कि यह नीति रोजगार सृजन में भी मदद करेगी. डिजिटल मीडिया नीति के अनुसार एक्स (पूर्व में ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे डिजिटल माध्यमों को भी संबंधित एजेंसियों या फर्मों को सूचीबद्ध करके और विज्ञापन जारी करके राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित सामग्री, वीडियो, ट्वीट, पोस्ट, रील प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.

