एमपीआईडीसी का सर्व-सुविधायुक्त कार्यालय नर्मदापुरम में होगा शुरू, मुख्यमंत्री ने 6वें रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में निवेशकों को किया आमंत्रित
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News . उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ हमारी व्यवस्थाओं के बलबूते पर आईटी, टूरिज्म, खनन, उर्जा सहित सभी सेक्टर में गतिविधियों के विस्तार की हर संभव कोशिश होगी. कृषकों को विद्युत के लिए आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सोलर पंप लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. प्रदेश में 52 निजी विश्वविद्यालय संचालित हैं. इस प्रकार सभी क्षेत्रों को समन्वित प्रयास से हमारा लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश देश का श्रेष्ठतम राज्य बने और देश-दुनिया से निवेशक तथा उद्योग समूह हमारे प्रदेश में आकर अपनी गतिविधियों को विस्तार दे. इससे प्रदेश के विकास को और अधिक गति मिलेगी. यह बात नर्मदापुरम में आयोजित संभाग स्तर के इंडस्ट्रीयल कॉन्क्लेव कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही. इस अवसर पर उन्होंने अगले 5 साल में राज्य सरकार का बजट दोगुना करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी जताई.
नर्मदापुरम में आयोजित हुआ 6वां रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नर्मदापुरम में उद्योग व्यापार तथा निवेश गतिविधियों को प्रोत्साहन के लिए नर्मदापुरम में म.प्र. औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) का सर्व-सुविधायुक्त कार्यालय का आरंभ किया जाएगा. रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव प्रदेश में कार्य संस्कृती बदलने का प्रयास है. यह कॉन्क्लेव प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए राज्य शासन की प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है. हम प्रदेश के संतुलित और सामान्य विकास के लक्ष्य को लेकर चल रहे है़. इसी उद्देश्य से प्रदेश में संभाग स्तर पर इंडस्ट्रीयल कॉन्क्लेव का क्रम आरंभ किया गया. औद्योगिक विकास के इन क्षेत्रीय समागमों में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित राज्य शासन के प्रमुख अधिकारियों की सहभागिता हमारी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जो कहा उसे तय समय-सीमा में कर दिखाने की भावना का परिचायक है. क्षेत्रीय कॉन्क्लेव के माध्यम से औद्योगिक विकास की प्रक्रिया में प्रदेश के जन-जन को शामिल किया जा रहा है. उद्योग समूह और निवेशक भारत तथा मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी होनें के लिए आमंत्रित हैं. मुख्यमंत्री डॉ. यादव “नए क्षितिज-नई संभावनाएं “थीम पर आयोजित नर्मदापुरम में 6वें रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉन्क्लेव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया.
82 औद्योगिक ईकाइयों का किया गया भूमि-पूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नर्मदापुरम की इंडस्ट्रीयल कॉन्क्लेव में सभी सेक्टर मिला कर 31 हजार 800 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 1200 से अधिक इकाइयों को प्रोत्साहन स्वरूप 367 करोड़ रूपए की वित्तीय सहायता राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल से प्रदेश की 82 इकाइयों का वर्चुअली भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया. कुल 2585 करोड़ रुपए निवेश की इन इकाइयों से लगभग 5800 व्याक्तियों को रोजगार प्राप्त होगा. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में 98 इकाइयों को 163 एकड भूमि के लिए आशय पत्र/आवंटन आदेश जारी किये. कुल 911 करोड़ के निवेश से लगने वाली इन इकाइयों से 4 हजार रोजगार के अवसर सृजित होंगे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आद्योगिक क्षेत्र माना (बुधनी) में अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण भी किया.

