सड़क विकास निगम में प्रबंध संचालक भरत यादव के द्वारा औचक निरीक्षण की समीक्षा बैठक आयोजति की गई.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP Infrastructure News: मध्यप्रदेश भोपाल में 24 अक्टूबर शुक्रवार को सड़क विकास निगम में प्रबंध संचालक भरत यादव के द्वारा औचक निरीक्षण की समीक्षा बैठक आयोजति की गई. अध्यक्षता कर रहे प्रबंध संचालक ने बैठक में ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए. साथ ही निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में पाई गई कमियों, सुधारात्मक कार्यों तथा परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान प्रबंध संचालक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि औचक निरीक्षण की प्रक्रिया सिर्फ खानापूर्ति बनकर ना रहे बल्कि इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आना जरूरी है ताकि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके.
लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के सात दलों ने हाल ही में सीहोर, छिंदवाड़ा, शिवपुरी, अलीराजपुर, अनूपपुर, रतलाम एवं पन्ना जिलों के 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया. इनमें 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल), 6 कार्य पी.आई.यू. (भवन), 7 कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम तथा 1 कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के सम्मिलित थे.
ब्लैक स्पॉट पर चिंता जताई
समीक्षा बैठक में राज्यभर में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित स्थलों) के लघु एवं दीर्घकालीन सुधारात्मक उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया और उन्हें सुधारने की दिशा में सकारात्मक पहल करने के निर्देश दिए गए.
इनकी रही उपस्थिति
निरीक्षण दलों से प्राप्त प्रतिवेदन की समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें प्रमुख अभियंता (लोक निर्माण विभाग) के.पी.एस. राणा, प्रमुख अभियंता (भवन) एस.आर. बघेल, मुख्य अभियंता (लोक निर्माण विभाग) पी.सी. वर्मा, मुख्य अभियंता (लोक निर्माण विभाग) बी.पी. बौरासी, मुख्य अभियंता (लोक निर्माण विभाग) बी.एस. मीणा, तथा महाप्रबंधक (मध्यप्रदेश भवन विकास निगम) अजय श्रीवास्तव सहित समस्त मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री एवं निरीक्षणकर्ता अधिकारी ऑनलाइन उपस्थित रहे.

