पटना के गांधी मैदान में आयोजित हुआ शपथ ग्रहण समारोह, इस बार बिहार के लाखों मतदाता भी मौजूद.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Nitish Kumar Shapath Grahan: पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूदगी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उन्होंने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं. इसके अलावा 26 अन्य मंत्री बनाए गए हैं. समारोह में अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ एनडीए शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम मौजूद हैं.हजारों की भीड़ के सामने जैसे ही नीतीश कुमार ने कहा कि मैं नीतीश कुमार लोगों का उल्लास चरम पर पहुंच गया. नीतीश कुमार साल 2005 से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं. बीच में कुछ महीनों के लिए उन्होंने जीतन राम मांझी को पदभार सौंपा था. बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने 74 वर्षीय नेता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
बिहार के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री स्वयं उपस्थित रहे. पीएम मोदी की मौजूदगी ने समारोह की गरिमा और राजनीतिक महत्व को कई गुना बढ़ा दिया.
प्रधानमंत्री के अलावा असम, हरियाणा, नागालैंड, मेघालय, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री सहित 16 राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
कार्यक्रम का संचालन बांकीपुर के विधायक नितिन नवीन ने किया, जिन्होंने पूरे संयम और जोश के साथ मंच गतिविधियों को संभाला.
आज का यह शपथ ग्रहण सिर्फ एक औपचारिक घटना नहीं, बल्कि बिहार की बदलती राजनीतिक दिशा, नेतृत्व में स्थिरता और भविष्य की नई उम्मीदों का प्रतीक बन गया. जनता की भारी मौजूदगी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि नीतीश कुमार की यह नई पारी राज्य की जनता की अपेक्षाओं के साथ शुरू हो रही है.
इन पांच चेहरों को किया रिपीट
बीजेपी ने इस बार के मंत्रिमंडल में सिर्फ 5 पुराने चेहरों सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पाण्डेय, नितिन नबीन और दिलीप जायसवाल को ही रिपीट किया है. इसके बाद बाकी 6 नए चेहरों को नीतीश कैबिनेट में मौका दिया गया है. सम्राट चौधरी ने सीएम नीतीश के बाद दूसरे नंबर पर शपथ ली. बीजेपी ने रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन को मौका दिया है. ये सभी पहली बार मंत्री बने हैं. इसमें दो महिलाओं को भी भाजपा ने मंत्री बनाया है.
नीतीश के नाम शपथ ग्रहण का रिकॉर्ड
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद पर बीते 25 साल में 10 बार सीएम पद की शपथ ली, जो किसी भी भारतीय मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड है. पहली बार उन्होंने 3 मार्च 2000 को सीएम पद की शपथ ली थी. तत्कालीन समता पार्टी (अब जेडीयू) और बीजेपी गठबंधन के सहारे वे सीएम बने थे. हालांकि बहुमत साबित न कर पाने के कारण सिर्फ 7 दिन बाद ही 10 मार्च 2000 को उन्हें इस्तीफा देना पड़ गया था. दूसरी बार 24 नवंबर 2005 को उन्होंने सीएम पद की शपथ ली और पहला कार्यकाल पूरा किया. 2010 में तीसरी बार उनका शपथ ग्रहण हुआ. 2014 के लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद नीतीश ने 17 मई 2014 को सीएम पद से त्यागपत्र दे दिया. तब जीतन राम मांझी बिहार के 23वें मुख्यमंत्री बने. 2015 में नीतीश आरजेडी और कांग्रेस के साथ बने महागठबंधन में शामिल हो गए. उन्होंने जीतन राम मांझी को हटा कर चौथी बार सीएम पद की शपथ 22 फरवरी 2015 को ली. उसी साल 20 नवंबर 2015 को पांचवीं बार उन्होंने मुख्यमंत्री की शपथ ली. 2017 में गठबंधन टूटने पर उन्होंने इस्तीफा दे दिया और भाजपा के साथ बनी सरकार में 26 जुलाई 2017 को छठी बार सीएम की शपथ ली. 2020 में 7वीं बार 16 अगस्त 2020 और 2022 में 8वीं बार 10 अगस्त 2022 को सीएम पद की शपथ ली. 2024 में वे 9वीं बार सीएम बने. 28 जनवरी 2024 को उन्होंने शपथ ग्रहण किया. 20 नवंबर 2025 को 10वीं बार उनका सीएम के रूप में शपथ ग्रहण हुआ. राज्यसभा की शपथ लेते ही यह आंकड़ा 11 हो जाएगा.
मंत्रियों की ये है पूरी लिस्ट
सम्राट चौधरी
विजय कुमार सिन्हा
विजय कुमार चौधरी
बिजेंद्र प्रसाद यादव
श्रवण कुमार
मंगल पांडेय
डॉक्टर दिलीप जायसवाल
अशोक चौधरी
लेसी सिंह
मदन सहनी
नितिन नवीन
रामकृपाल यादव
संतोष कुमार सुमन
सुनील कुमार
मो. जमा खान
संजय सिंह टाइगर
अरुण शंकर प्रसाद
सुरेंद्र मेहता
नारायण प्रसाद
रमा निषाद
लखेंद्र कुमार रोशन
श्रेयसी सिंह
डॉ. प्रमोद कुमार
संजय कुमार
संजय कुमार सिंह
दीपक प्रकाश
उत्सव जैसा माहौल
बिहार विधानसभा चुनाव (2025) में एनडीए को पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनने जा रही है, जिसके निर्माण में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है. बिहार में लाखों मतदाताओं के समक्ष शपथ ग्रहण आज (20 नवंबर) पटना के गांधी मैदान में आयोजित हुआ. जिसमें कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं. समारोह में अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे.

