भारत WTC की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर विराजमान है. हेड कोच गंभीर ने कोहली की पीठ भी थपथपाई. चौथी पारी में भारत को 95 रनों का लक्ष्य मिला था.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
IND vs BAN Test Series: गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद भारत ने अपनी पहली टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश को 2-0 से रौंद दिया है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल की दृष्टि से यह जीत टीम इंडिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. भारत ने चौथे और पांचवें दिन बेहद आक्रामक खेल दिखाते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की है.
95 रनों का लक्ष्य मिला था
हेड कोच गौतम गंभीर भारत की शानदार जीत के बाद बहुत खुश नजर आए. जब भारतीय टीम अपनी जीत को सेलिब्रेट कर रही थी, तब गंभीर स्टाइलिश चश्मे वाले लुक में नजर आए और विराट कोहली को गले भी लगाया. दोनों के बीच इस लम्हे को खूब पसंद किया जा रहा है. हेड कोच गंभीर ने कोहली की पीठ भी थपथपाई. चौथी पारी में भारत को 95 रनों का लक्ष्य मिला था. टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 2 विकेट जल्दी गंवा दिए थे. ऐसे में विराट कोहली ने एक छोर से कमान संभाली और 29 रन की छोटी लेकिन अहम पारी खेलकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया.
शादमान इस्लाम के बीच 55 रन की अहम साझेदारी
पांचवें दिन बांग्लादेश ने 26/2 के स्कोर से अपनी पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन भारतीय गेंदबाज जैसे दिमाग में एक लक्ष्य लेकर उतरे थे. कप्तान नजमुल शांतो और शादमान इस्लाम के बीच 55 रन की अहम साझेदारी हुई. एक समय बांग्लादेश का स्कोर 3 विकेट पर 91 रन था, लेकिन अगले 55 रन के भीतर मेहमान टीम ने बाकी 7 विकेट भी गंवा दिए. चौथी पारी में भारत को जीत के लिए 95 रनों का लक्ष्य मिला. कप्तान रोहित शर्मा जल्दी आउट हो गए, लेकिन यशस्वी जायसवाल ने 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली. वहीं बाकी काम विराट कोहली की 29 रन की पारी ने कर दिया. इस तरह भारत ने इस मैच को 7 विकेट से जीत लिया है.
चौथा दिन समाप्त होने के बाद बांग्लादेश के प्लेयर मेहदी हसन ने कानपुर टेस्ट अपनी जीत जा दावा किया था. उनका कहना था कि बांग्लादेश टीम पहले भी ऐसी जटिल परिस्थितियों को पार कर चुकी है और दोबारा ऐसा करने में सक्षम है. मगर सच तो ये है कि बांग्लादेश टीम पांचवें दिन पूरे दो सेशन भी क्रीज पर नहीं टिक पाई.
WTC फाइनल की राह
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 फाइनल अगले साल खेला जाना है और अभी उससे पहले भारत को 8 टेस्ट मैच और खेलने हैं. समीकरण ऐसे बन रहे थे कि यदि भारत-बांग्लादेश कानपुर टेस्ट रद्द हो जाता तो टीम इंडिया की फाइनल में जगह खतरे में पड़ सकती थी. भारत अब भी टेबल में टॉप पर है और उसका पॉइंट्स प्रतिशत 74.24 हो गया है, वहीं 62.50 पॉइंट्स प्रतिशत के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है.
भारत ने अब भी फाइनल में प्रवेश नहीं पाया है क्योंकि श्रीलंकाई टीम बहुत तेजी से आगे आ रही है, जो 55.56 पॉइंट्स प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है. श्रीलंका यदि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी सीरीज में दोनों टेस्ट जीत लेता है तो भारत या ऑस्ट्रेलिया में से किसी एक टीम की फाइनल में जाने की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है.
41 साल से नहीं हारी कोई टेस्ट
टेस्ट इतिहास में भारत ने अब तक की सबसे आक्रामक शैली में खेलते हुए ट्रॉफी अपने नाम करने के साथ ग्रीन पार्क पर 41 वर्षों से चले आ रहे जीत के रिकॉर्ड को कायम रखा। भारत की इस जीत में बने रिकार्ड और टीम की शैली के कई मायने हैं। जो डब्ल्यूटीसी में उनके लिए तुरुप का इक्का साबित होंगे। कानपुर में बांग्लोदश पर जीत हासिल करते ही भारत डब्ल्यूटीसी तालिका में फिर शीर्ष पर काबिज हो गया.
बारिश से प्रभावित रहा मैच
ग्रीन पार्क में भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए वर्षा बाधित मुकाबले में बांग्लादेश को 233 रनों पर ऑल आउट कर दिया। इसके बाद टेस्ट में टी-20 अंदाज में खेलते हुए भारतीय टीम ने 34.4 ओवर में 285 रन बनाकर बांग्लादेश पर बढ़त हासिल कर पारी घोषित कर दी।
मैच के निर्णायक दिन भारत ने मेहमान बांग्लादेश के आठ विकेट 120 रन पर गिराकर जीत के लिए मिले 95 रनों के लक्ष्य को तीन विकेट के नुकसान पर 17.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। दूसरी पारी में बांग्लादेश के छह बल्लेबाज दहाई के आकड़े तक नहीं पहुंच सके। जीत में जहां भारतीय बल्लेबाजों का बोलबाला रहा, वहीं गेंदबाजों ने बांग्लादेश को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

