प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहीं ट्रेन रोकी तो कहीं आगजनी किए जाने की चर्चा
By- DB News Update| Edited By- Supriya
नई दिल्ली.
Bharat Band: दलित और आदिवासी संगठनों ने हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सुरक्षा की मांग को लेकर आज ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है. भारत बंद का बसपा, आरजेडी और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी समेत कई दलों ने समर्थन किया है. बिहार में भारत बंद का असर देखा जा रहा है. कई जिलों में प्रदर्शन और रोड जाम की सूचनाएं आ रही हैं.
सुप्रीम कोर्ट के SC-ST आरक्षण में क्रीमी लेयर लागू करने के सुझाव के खिलाफ दलित-आदिवासी संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने बिहार के दरभंगा और आरा में ट्रेनें रोक दी हैं। जहानाबाद, सहरसा और पूर्णिया में नेशनल हाईवे जाम कर दिया है।
स्कूलों की छुट्टी, रोडवेज बसें बंद
राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और मध्यप्रदेश के ग्वालियर समेत विभिन्न राज्यों के कई शहरों में एहतियातन स्कूल और कोचिंग सेंटर की छुट्टी की गई है। भरतपुर में इंटरनेट और अलवर में रोडवेज बसें बंद कर दी गई हैं। कांग्रेस, TMC, सपा समेत तमाम विपक्षी दलों ने बंद का समर्थन किया है।
दलित-आदिवासियों के खिलाफ बताया कोर्ट का सुझाव
नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ दलित एंड आदिवासी ऑर्गेनाइजेशन (NACDAOR) ने कोर्ट के सुझाव को दलित और आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ बताया है। साथ ही केंद्र सरकार से इसे रद्द करने की मांग की है।
आगरा में बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। धनौली में प्रदर्शनकारियों द्वारा बाजार बंद कराया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस आईलैंड पर चढ़कर उस पर झंडा लगा दिया गया है। सभी लोग कलेक्ट्रेट की तरफ जा रहे हैं। बसपा जिलाध्यक्ष विमल कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की ओर से सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को भारत बंद के समर्थन करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

