जबलपुर नरसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर में नेत्र शिविर का हुआ आयोजन, साकेतवासी स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री महाराज के जन्मोत्सव पर 22वें विशाल निःशुल्क नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर में 550 नेत्र रोगियों की हुई जांच, 150 का ऑपरेशन
Source : DBNewsUpdate
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Eye Camp Jabalpur News: गरीब, असहाय नेत्रों से पीड़ित व्यक्ति संसार को निहारने में असमर्थ हो जाता है. उसके जीवन में नीरसता आ जाती है. चारों तरफ अंधकार ही दिखाई पड़ता है. मानवता के पुजारी जब इस अंधकार को दूर करने का वीड़ा उठा लेते हैं तो उनके जीवन में खुशियों की तरंगे दौड़ने लगती हैं. ऐसे व्यक्ति के जीवन में भौतिक नेत्रों से निहारने की क्षमता पैदा हो जाती है. आज 22 फरवरी को साकेतवासी स्वामी रामचन्द्रदास जी महाराज के जन्मोत्सव पर जिन नेत्र रोगियों की जांच के बाद ऑपरेशन होगा. उनके लिए यही संदेश है कि सभी नेत्र रोगी भौतिक नेत्रों से संसार को निहारने का सुख प्राप्त करें, लेकिन अलौकिक नेत्रों से भगवान को भी निहारते रहें. जिससे आपके जीवन की खुशियां बरकरार रहें. उक्त आशय के उद्गार श्रीनृसिंहपीठाधीश्वर जगद्गुरु डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज ने नरसिंह मंदिर परिसर सरस्वती शिक्षा परिषद परिसर गोरखपुर, जबलपुर में व्यक्त किए.
22वें नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का हुआ आयोजन
मध्य प्रदेश के जबलपुर में करीब 22 वर्षों से नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन साकेतवासी परमपूज्य स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री जी महाराज के जन्मोत्सव पर 22 फरवरी 2005 से प्रारम्भ किया गया था. यह निःशुल्क नेत्र शिविर कब विशाल रूप धारण कर लिया, कुछ पता ही नहीं चला. यह आयोजन नृसिंहपीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य के पावन सानिध्य में न्यू जर्सी, (अमेरिका) निवासी नरसिंह भगवान के परम भक्त हरकेश-नीना सिंह जी के सौजन्य से विशाल निःशुल्क नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित हुआ.
संतों ने दिया संदेश
नेत्र शिविर में मंचासीन संतों ने संदेश देते हुए कहा कि सांसारिक जीवन में आने वाली व्यधियों को दूर करने का आध्यात्मिक बल गुरु कृपा से ही मिलता है. स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री जी महाराज जैसे गुरु का सानिध्य पाकर ठाकुर हरकेश-नीना सिंह ने जो संकल्प लिया है और आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया है. वह गुरुकृपा से ही संभव हुआ है. इसी कारण उनके द्वारा हर वर्ष नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का पुनीत कार्य किया जा रहा है.
देवजी नेत्रालय में होता है ऑपरेशन
नेत्र रोगियों का परीक्षण नरसिंह मंदिर सरस्वती शिक्षा परिषद प्रांगण में किया जाता है. इसके बाद मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का बीपी, शुगर, खून की जांच के पश्चात देवजी नेत्रालय तिलवाराघाट में ऑपरेशन किया जाता है. गरीब असहाय नेत्र रोगियों का ऑपरेशन जबलपुर के प्रसिद्ध डॉ. पवन स्थापक, डॉ. आयुष टंडन द्वारा किया जाता है. इस वर्ष भी नेत्र रोगियों का परीक्षण के पश्चात करीब 155 नेत्र रोगियों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया.
अमेरिका से हर वर्ष जबलपुर आते हैं सेवाधारी
जिनके मन में गरीबों की सेवा का भाव होता है, वह सात समुद्र पार से भी पहुंच जाते हैं. कुछ ऐसा ही चरितार्थ नरसिंह मंदिर के अनन्य भक्त अमेरिका निवासी ठाकुर हरकेश सिंह और नीना सिंह कर रहे हैं. जो हर वर्ष गरीबों को नेत्र ज्योति देने के लिए जबलपुर आते हैं और नि:शुल्क नेत्र परीक्षण, ऑपरेशन, दवाई, भोजन और अवास की व्यवस्था करते हैं. अमेरिका से केवल इसी उद्देश्य से जबलपुर आते हैं कि जिन गरीबों की आंख खराब हो रही है या फिर उनके जीवन में अंधत्व घर कर रहा है, उसके जीवन में उजाला लाया जाए.
कैबिनेट मंत्री नेत्र परीक्षण शिविर में हुए सम्मानित
नरसिंह मंदिर भक्त मंडल द्वारा आयोजित नेत्र शिविर में मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह का सम्मान नरसिंह मंदिर, गीताधाम गौरीघाट और सनातन धर्म महासभा के पदाधिकारियों द्वारा किया गया. उन्हें शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया और समाजसेवा के लिए प्रेरित किया गया. इस अवसर पर राकेश सिंह ने भी नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर के आयोजन को लेकर विचार व्यक्त किए.
इनकी रही उपस्थिति
नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर के अवसर पर प्रमुख रूप से महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू, एनआरआई हरकेश सिंह, नीना सिंह, पूनम ठाकुर, कमलजीत परमार, हैप्पी परमजीत सिंह परमार, गुरुदीप सिंह परमार, डॉ. पवन स्थापक, डॉ. बीके डांग, अनुपमा स्थापक, सुनीता चावला, अंजू भार्गव, गिरिराज चाचा, डॉ. दीपक बहरानी, शरद काबरा, डॉ. संदीप मिश्रा, राजेन्द्र यादव, मनोज नारंग, केके बस्सी, जीवन कपिल सहित नरसिंह मंदिर, गीताधाम, सनातन धर्म महासभा, जयंट्स ग्रुप के पदाधिकारी उपस्थित रहे. आभार प्रदर्शन दीपक असरानी ने किया.

