भोपाल मेट्रो को विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया और यात्रियों के संग किया सफर
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP metro bhopal News: एमपी का भोपाल शहर अब मेट्रो सिटी के रूप पहचाना जाएगा. यहां भी अब मेट्रो ट्रेन जो चल पड़ी है. शनिवार की शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मेट्रो ट्रेन परिचालन प्रारंभ किए जाने को लेकर हरी झंडी दिखाई. इस अवसर पर उन्होंने सुभाष नगर से एम्स मेट्रो स्टेशन तक 7 किलोमीटर का सफर भी किया. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि मेट्रो ट्रेन से विकास को पंख लग जाते हैं. विकास की नई कहानी शुरू हो जाती है.
यात्रियों से सीएम ने की बातचीत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एम्स मेट्रो रेल स्टेशन पर उपस्थित नागरिकों से चर्चा की. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफर के दौरान भी अनेक यात्रियों से बातचीत जारी रखी और उनके अनुभव जाने. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में की गई इस मेट्रो ट्रेन यात्रा में अपना अनुभव बताते हुए कहा कि ऊंचाई पर बने ट्रेक से ट्रेन यात्रा करते हुए दोनों ओर शहर की हरियाली और सुंदरता देखने का अनुभव भी अपने आप में बेजोड़ है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में यह शहरी ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में बड़ी सौगात है.
262 विकास कार्यों की हुई शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी यात्रियों सहित एम्स आने वाले रोगियों और नागरिकों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा है. उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री खट्टर का अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर मेट्रो से जुड़ी समस्या को भी केंद्र सरकार हल कर रही है. आवश्यक धनराशि भी प्रदान कर रही है. मध्य प्रदेश में शहरी विकास योजनाओं में भारत सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है. आज ही 262 विकास कार्यों की शुरुआत की गई है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तो मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ पर समस्त राज्य की जनता को बधाई दी.
मेट्रो ट्रेन पर्यावरण की दृष्टि से उपयुक्त
केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भोपाल को मिली इस विशेष सुविधा को समय की बचत और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने भोपालवासियों को मेट्रो ट्रेन प्रारंभ होने पर बधाई दी. इस अवसर पर भोपाल मेट्रो रेल कार्पोरेशन के पदाधिकारी, अनेक जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे.
मेट्रो की खासियत
- यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा कराने के लिये सभी स्टेशनों पर हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए गए हैं.
- दिव्यांगजनों के लिये सुगम प्रवेश, व्हील चेयर की सुविधा, ब्रेल साइनेज है.
- एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और ग्रेड-4 सिग्निलिंग सिस्टम लगाया गया है.
- रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग से ऊर्जा उत्पादन और सोलर पावर का उपयोग किया गया है.
- आरामदायक कोच में पूर्णत: एसी, आरामदायक सीटिंग और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट की सुविधा है.
- स्मार्ट तकनीक के माध्यम से ऑडियो-विजुअल यात्री सूचना प्रणाली स्थापित है.
- हाई-टेक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर है.

