MP देवास में एबीवीपी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में शिक्षक पर राधा-कृष्ण और राष्ट्रीय ध्वज की रंगोली को बिगाड़ने और व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक ‘स्टेटस’ लगाने का आरोप लगाया है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP Latest News: मध्य प्रदेश के देवास जिले के एक सरकारी कॉलेज के शिक्षक पर देवताओं और राष्ट्रीय ध्वज की ‘रंगोली’ को पैर से बिगाड़ने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के एक अधिकारी द्वारा मीडिया को दी गई जानकारी में बताया गया है कि एक सहायक प्रोफेसर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि शिक्षक जुजैर अली रंगवाला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 (पूजा स्थल या पवित्र वस्तु को नुकसान पहुंचाना या अपवित्र करना) और 196 (धर्म, जाति आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. अधिकारी ने बताया कि घटना देवास जिले के कन्नौद कस्बे में हुई, जिसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
मोहन यादव सरकार में खेल एवं युवा कल्याण और सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि भगवान की रंगोली के साथ कोई ऐसा करे, यह बर्दाश्त के बाहर है. उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मंत्री ने कहा, “हम ऐसी मानसिकता को बर्दाश्त नहीं कर सकते.”

