उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सत्येंद्र दास का बुधवार को निधन हो गया. उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Ram Mandir Chief Priest Acharya Satyendra Das Death:उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का बुधवार, 12 फरवरी को निधन हो गया. अस्पताल ने इस आशय की जानकारी दी. ब्रेन हेमरेज के बाद उनका लखनऊ के पीजीआई में इलाज चल रहा था.
अस्पताल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि अयोध्या राम मंदिर के मुख्य पुजारी श्री सतेंद्र दास जी ने आज अंतिम सांस ली. उन्हें 3 फरवरी को स्ट्रोक के कारण गंभीर हालत में न्यूरोलॉजी वार्ड के एचडीयू में भर्ती कराया गया था. आचार्य सत्येंद्र दास ने 85 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली. आचार्य सत्येंद्र दास 3 फरवरी से ही अस्पताल में भर्ती थे.
जब रामलला को गोद में उठाकर भागे सत्येंद्र दास
सत्येंद्र दास संतकबीर नगर के एक ब्राह्मण परिवार से थे. 50 के दशक के शुरू में अयोध्या आए और अभिरामदास के शिष्य बने. अभिराम दास वही हैं जिन्होंने 1949 में मंदिर में रामलला की मूर्तियां स्थापित की थीं. आचार्य सत्येंद्र दास, राम विलास वेदांती और हनुमान गढ़ी के संत धर्मदास तीनों गुरुभाई हैं. सत्येंद्र दास ने 1992 में बाबरी विध्वंस के समय रामलला की मूर्तियां को बचाने के लिए गोद में उठाकर भागे थे. वे लंबे समय से श्रीरामजंभूमि के मुख्य पुजारी थे.
सत्येंद्र दास ने मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि जब बाबरी विध्वंस हुआ तो मैं वहीं था. लाउड स्पीकर लगा था. नेताओं ने कहा पुजारी जी भोग लगा दें और पर्दा बंद कर दें. तब मैंने भोग लगाकर पर्दा लगा दिया. एक दिन पहले ही कारसेवकों से कहा गया था कि सरयू से जल ले आएं, वहां एक चबूतरा भी था. तब ऐलान किया गया कि सभी लोग चबूतरे पर पानी छोड़ें और धोएं, लेकिन जो लोग थे उन्होंने कहा हम यहां पानी से धोने नही आए हैं. उसके बाद नारे लगने लगे और वे बैरिकेडिंग तोड़ कर पहुंच गए. इस बीच हम रामलला को बचाने में लग गए कि उन्हें कोई नुकसान न हो. हम रामलला को उठाकर अलग चले गए.
आचार्य सत्येंद्र दास को राम मंदिर निर्माण के आरंभ से ही मुख्य पुजारी के रूप में नियुक्त किया गया था
इससे पहले, अयोध्या सिटी के न्यूरो सेंटर के डॉक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया था कि आचार्य सत्येंद्र दास की स्थिति थोड़ी नाजुक है. सीटी स्कैन में पता चला कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है और यह कई सेगमेंट्स में है. हमने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है ताकि वहां पर उन्हें और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके. आचार्य सत्येंद्र दास को राम मंदिर निर्माण के आरंभ से ही मुख्य पुजारी के रूप में नियुक्त किया गया था और वह श्री राम जन्मभूमि के पूजा कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं.
महंत जी का पूरा जीवन भगवान श्री राम की सेवा में समर्पित रहा: पीएम माेदी
राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी महंत सत्येंद्र दास जी के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। धार्मिक अनुष्ठानों और शास्त्रों के ज्ञाता रहे महंत जी का पूरा जीवन भगवान श्री राम की सेवा में समर्पित रहा। देश के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं अनुयायियों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!
सीएम ने दु:ख व्यक्त किया
आचार्य सत्येंद्र दास के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा- परम रामभक्त, श्री राम जन्मभूमि मंदिर, श्री अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य श्री सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का निधन अत्यंत दुःखद एवं सामाजिक व आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे तथा शोक संतप्त शिष्यों एवं अनुयायियों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति!
आचार्य सत्येंद्र दास जी के निधन का समाचार दुःखद
भाजपा सांसद रवि किशन ने भी एक्स पर लिखा, “श्री राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी, आचार्य सत्येंद्र दास जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। वे संपूर्ण जीवन श्री रामलला की सेवा, भक्ति और धर्म की रक्षा के प्रति समर्पित रहे। उनकी आध्यात्मिक साधना, धर्म पर गहरी पकड़, और सनातन संस्कृति के प्रति अटूट निष्ठा ने उन्हें न केवल अयोध्या बल्कि समस्त हिंदू समाज में एक पूजनीय संत के रूप में स्थापित किया।”
आचार्य सत्येंद्र दास जी का निधन संत समाज और श्रद्धालुओं के लिए अपूरणीय क्षति: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास जी का निधन संत समाज और श्रद्धालुओं के लिए अपूरणीय क्षति है। राम भक्तों के बीच श्रद्धा और आस्था के प्रतीक रहे आचार्य जी का जीवन प्रभु की सेवा और भक्तों के मार्गदर्शन में सदैव समर्पित रहा। श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रभु श्री राम पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों एवं अनुयायियों को संबल प्रदान करें। “
आचार्य सत्येंद्र कुमार दास जी महाराज के देवलोकगमन के समाचार से हृदय स्तब्ध
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, “प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त, श्री राम जन्मभूमि मंदिर, श्री अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र कुमार दास जी महाराज के देवलोकगमन के समाचार से हृदय स्तब्ध है। श्री राम जन्मभूमि आंदोलन से श्री रामलला के पुनर्स्थापन तक उनका योगदान अविस्मरणीय है। भगवान श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके शिष्यों व अनुयायियों को इस कठिन घड़ी में संबल दें।”

