लाडली बहना योजना की शुरुआत नवंबर 2023 में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से करीब छह महीने पहले की गई थी.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Ladli Behna Yojana: बीजेपी को प्रदेश की सत्ता वापिसी में कारगर लाडली बहना योजना एक बार फिर चर्चा में है. इस योजना को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. दरअसल, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने विधानसभा में जवाब देते हुए बताया कि इस योजना में 20 अगस्त 2023 के बाद से नया रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं किया गया है. यह जानकारी उनके द्वारा एक सवाल के जवाब में दी गई.
कांग्रेस के विधायक ने पूछा सवाल
बता दें कि सूबे की सियासत के चर्चा के केंद्र में रही इस योजना से प्रदेश सरकार पर बड़ा बोझ पड़ रहा है. कुछ दिनों पहले सीएम मोहन यादव ने इसे स्वीकार भी किया था. मंत्री ने सदन में बताया कि ये योजना जारी है और पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ भी दिया जा रहा है. उनसे ये सवाल कांग्रेस के विधायक प्रताप ग्रेवाल ने पूछा था जिसका उन्होंने लिखित जवाब दिया.
लाभार्थियों की संख्या करीब 1.29 है
मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव से करीब छह महीने शुरू की गई थी. इसके तहत राज्य सरकार पात्र महिलाओं को हर महीने 1250 रुपये उनके खाते में भेजती है. राज्य में इस योजना के लाभार्थियों की संख्या करीब 1.29 है.
कांग्रेस विधायक ग्रेवाल ने सदन में योजना से संबंधित कई सवाल पूछे. इसमें इसके जारी रहने और नए रजिस्ट्रेशन से जुड़े सवाल शामिल थे. मंत्री भूरिया ने अपने लिखित जवाब में कहा कि पहले फेज में 20 अगस्त 2023 तक रजिस्ट्रेशन किए गए. नया रजिस्ट्रेशन अभी शुरू नहीं किया गया है. मंत्री ने यह भी कहा कि योजना के तहत नये आवेदन प्राप्त करने के लिये अलग से निर्देश जारी किये गये हैं.
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्री-रजिस्ट्रेशन 4 मार्च 2023 और 20 जुलाई 2023 को किया गया. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से योजना को लागू किया गया. मंत्री ने बताया कि ये योजना जारी है और जो इसकी लाभार्थी हैं उन्हें इसका लाभ मिल रहा है.

