मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली वित्तीय सहायता धीरे-धीरे बढ़ाकर 5000 रुपये की जाएगी. सीएम मोहन यादव ने महिलाओं को दिया आश्वासन
By : डीबी न्यूज अपडेट| Edited By: प्रिंस अवस्थी
Ladli Bahna Yojana: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि लाडली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को दी जाने वाली मासिक वित्तीय सहायता धीरे-धीरे बढ़ाकर 5 हजार रुपये की जाएगी. पिछले साल के विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई इस योजना के तहत वर्तमान में महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 1250 रुपये प्रति माह अंतरित की जा रही है.
कांग्रेस ने आचार संहिता का उल्लंघन बताया
मुख्यमंत्री के इस ऐलान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोष्ट करते हुए इसे ‘भ्रष्ट आचरण’ और मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीट पर उपचुनावों के लिए लागू आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन करार दिया है. वहीं, सीएम मोहन यादव ने बुधनी विधानसभा सीट पर एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बहनों, क्या कभी किसी ने आपके खाते में पैसे जमा किए हैं? यह कांग्रेस के लोगों से पूछिए. आप (कांग्रेस) लोगों से लूटते और छीनते थे.’’
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना
मालूम हो, मध्य प्रदेश में उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होने हैं. इस पर सीएम मोहन यादव ने कहा, “कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि यह योजना तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावों के लिए शुरू की थी और इसे बंद कर दिया जाएगा. कांग्रेस वाले शोर मचाते रहिए, हम देते रहेंगे (बैंक खातों में पैसे जमा करते रहेंगे). इसे तीन हजार रुपये से बढ़ाकर पांच हजार रुपये भी किया जाएगा. यह सरकार की नीति है.”

