डोनाल्ड ट्रंप ने अपने समर्थकों से डेमोक्रेट्स को चंदा देने की अपील की है. अमेरिकी चुनाव में कमला हैरिस से रिकॉर्ड चंदा जुटाया था. अब उनके पास पैसा नहीं बचा है.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Donald Trump: अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आम चुनावों के बाद अपने समर्थकों से मदद मांगी है. उन्होंने समर्थकों से डेमोक्रेट्स को दान देने का आग्रह किया है. सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेट्स के पास बहुत अधिक फंड नहीं बचा है. कमला हैरिस के चुनाव अभियान पर 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर का कर्ज होने की रिपोर्ट सामने आने के बाद उन्होंने ये बातें कही है.
चुनाव के बाद डेमोक्रेट्स की हालत खराब
पोलिटिको के कैलिफोर्निया ब्यूरो प्रमुख क्रिस्टोफर कैडेलैगो ने कहा, “कमला हैरिस का चुनाव अभियान कम से कम 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर के कर्ज के साथ खत्म हुआ. हैरिस ने 1 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक जुटाए और 16 अक्टूबर तक बैंक में 118 मिलियन अमेरिकी डॉलर थे. मुझे आश्चर्य है कि डेमोक्रेट, जिन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में कड़ी और बहादुरी से लड़ाई लड़ी, रिकॉर्ड चंदा जुटाए, अब उनके पास बहुत ज्यादा पैसे नहीं बचे हैं.”
एकता बनाए रखने के लिए चंदा जुटाना चाहिए
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “इस कठिन समय में हमें डेमोक्रेट्स की मदद के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, वो करेंगे. हमें एक पार्टी के रूप में और एकता बनाए रखने के लिए चंदा जुटाना चाहिए.” 60 वर्षीय उपराष्ट्रपति कमला हैरिस 5 नवंबर को हुए चुनावों के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार थीं. ट्रंप से हारने वाली कमला हैरिस ने फंड जुटाने के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे.
कमला हैरिस ने 2.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए
संघीय चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कमला हैरिस के चुनाव अभियान और उसके सुपर पैक्स ने 2.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए और 1.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर खर्च किए. दूसरी ओर, ट्रंप की टीम ने 1.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक पैसे जुटाए और 1.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर खर्च किए.
चुनावी आवाज मतदाताओं के बीच पहुंचाने में विफल रही हैरिस
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक कमला हैरिस के चुनाव अभियान का हिस्सा रहे अजय जैन भूटोरिया ने कहा, “एक अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक धन जुटाने और खर्च करने के बावजूद, कमला हैरिस की 2014 की चुनावी आवाज उन मतदाताओं के बीच पहुंचाने में विफल रही जो सबसे ज्यादा मायने रखते थे. वह बढ़ती लागत से जूझ रहे मध्यम वर्ग के अमेरिकियों के बीच बढ़ती खाई को पाट नहीं सकीं.”
सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण होना चाहिए
वॉशिंगटन डीसी में स्थित हावर्ड यूनिवर्सिटी में अपने भाषण में हैरिस ने माना, “चुनाव का नतीजा वो नहीं है जो हम चाहते थे”, लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण होना चाहिए. हैरिस ने वहां मौजूद अपने समर्थकों से निराश न होने की बात कही. वो अपने कैंपेन सॉन्ग के साथ मंच पर आईं और फिर अपने रनिंग मेट, मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़, कैंपेन स्टाफ, समर्थकों, पोल वर्कर्स और चुनाव अधिकारियों का आभार जताया.
भाषण के दौरान कई लोग आंसू पोंछते नजर आए
हैरिस ने अपने संबोधन में कहा, “मुझे पता है कि लोग अभी भी कई तरह की भावनाओं से गुजर रहे हैं. मैं समझती हूं, लेकिन हमें इस चुनाव के नतीजों का सम्मान करना चाहिए.” उन्होंने कहा कि भले ही चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इसके बावजूद वो उन मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगी जिन पर उन्होंने चुनाव अभियान चलाया था.
हैरिस के बाद बाइडन ने फ़ोन पर ट्रंप को दी बधाई
कमला हैरिस के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी फोन पर डोनाल्ड ट्रंप को उनकी जीत पर बधाई दी है. व्हाइट हाउस के मुताबिक़, बाइडन ने ”शांतिपूर्ण तरीके से सत्ता हस्तांतरण सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की” और डोनाल्ड ट्रंप को व्हाइट हाउस में मिलने के लिए आमंत्रित किया. बाइडन गुरुवार को देश को संबोधित करेंगे ताकि चुनाव परिणाम और सत्ता हस्तांतरण पर चर्चा कर सकें.
बाइडन ने कमला हैरिस से भी बात की और उनके “ऐतिहासिक कैंपेन” के लिए उन्हें बधाई दी. इससे पहले कमला हैरिस से फोन पर बातचीत के बाद, डोनाल्ड ट्रंप की कैंपेन टीम ने बताया कि दोनों ने “देश को एकजुट करने के महत्व” पर चर्चा की. इस कॉल के दौरान, जिसमें हैरिस ने ट्रंप को उनकी जीत पर बधाई दी, ट्रंप ने “अभियान के दौरान हैरिस की मजबूती, प्रोफ़ेशनलिज़्म और दृढ़ता की सराहना की.”
