By : DB News Update | Edited By : सुप्रिया
MP News. Jabalpur :माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत लैपटॉप के लिए मिलने वाली राशि उन्हें रिजल्ट घोषित होने के 4 माह बाद भी नहीं मिल पाई है, जबकि राशि छात्र-छात्राओं के खातों में डालने के नाम पर स्कूल शिक्षा विभाग खाता संख्या के साथ अन्य दस्तावेज दो-दो बार जमा करवा चुका है.
जिले से भी करीब 1500 मेधावी छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर भोपाल भेज दी गई है, लेकिन वहाँ से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिल रहे हैं. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी लोकसभा चुनाव की आचार संहिता हटने के बाद जून में ही घोषणा कर चुके हैं कि मेधावी बच्चों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, लेकिन कब मिलेगी यह बताने कोई तैयार नहीं है.
पिछले साल जुलाई में मिल गई थी राशि
पिछले साल बारहवीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अिधक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपए की राशि जुलाई माह में ही दे दी गई थी. यह राशि सीधे उनके खातों में डाली गई थी, लेकिन इस बार अगस्त माह बीत गया, इसके बाद भी राशि नहीं मिल पाई है, जबकि पूर्व के सालों की तुलना में इस बार रिजल्ट भी जल्दी घोषित हुआ था.
60 प्रतिशत वालों को भी देने की थी घोषणा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव से पहले घोषणा की थी कि इस साल से बारहवीं में 60 प्रतिशत अंक लाने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना का लाभ दिया जाएगा. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भी यह ऐलान किया था, हालांकि नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्पष्ट कर दिया था कि मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना का फायदा उन विद्यार्थियों को ही मिलेगा जो 75 प्रतिशत से अिधक अंक लाएँगे.
2009-10 में शुरू हुई थी योजना
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों को तकनीकि शिक्षा में सहायता देने के लिए मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना 2009-10 में शुरू की गई थी. इसके तहत एमपी बोर्ड के अंतर्गत 12 वीं कक्षा में अध्ययनरत सरकारी और निजी स्कूल के विद्यार्थियों को 75 प्रतिशत अंक लाने पर 25-25 हजार रुपए की राशि लैपटॉप खरीदने के लिए दी जाती है.
विद्यार्थी और अभिभावक हो रहे परेशान
परीक्षा परिणाम घोषित होने के 4 माह बाद भी मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना की राशि न मिलने से वे अभिभावक और विद्यार्थी परेशान हैं, जिनके 75 प्रतिशत से अधिक अंक हैं. विद्यार्थी और अभिभावक स्कूल से लेकर संकुल तक चक्कर लगा रहे हैं, ताकि उन्हें पता चल सके कि राशि उनके खाते में कब आएगी, लेकिन कहीं भी कोई जवाब नहीं दे पा रहा है.
महीनों पहले पहुँच चुकी सूची
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने भी पूरे जिले के मेधावी विद्यार्थियों की सूची बनाकर महीनों पहले भोपाल भेज दी है. इस सूची के अलावा विद्यार्थियों के दस्तावेज भी जमा करवा लिए गए हैं, लेिकन उन्हें भी यह जानकारी नहीं कि लैपटॉप की राशि विद्यार्थियों के खातों में कब डाली जाएगी.

