दिल्ली की तरफ बढ़े आंदोलनकारी किसान, पुलिस ने रोका, 10 घायल, हरियाणा पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Farmers Tractor March: हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर से दिल्ली रवाना हुए किसानों को पुलिस ने घग्गर नदी पुल पर रोक लिया. बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे 10 किसान घायल हुए. करीब 2 घंटे बाद यानी 2 बजे दिल्ली मार्च को टालते हुए किसानों के जत्थे को वापस बुला लिया गया. किसानों का आरोप है कि पुलिस ने रॉकेट लॉन्चर से बम और केमिकल वाला पानी इस्तेमाल किया.
एक किसान ने जहर खाया
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस बीच शंभू बॉर्डर पर एक किसान ने आत्महत्या की कोशिश की. वह जहर निगल गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है. किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि 16 दिसंबर को पंजाब को छोड़कर पूरे देश में ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे.
अंबाला जिले के 12 गांवों में इंटरनेट बैन
उधर, हरियाणा सरकार ने अंबाला जिले के 12 गांवों में इंटरनेट बैन 18 दिसंबर तक बढ़ा दिया है. ये सेवाएं सुबह 6 बजे से 17 दिसंबर रात 12 बजे तक बंद रहेंगी. वहीं खनौरी बॉर्डर पर संयुक्त किसान मोर्चा (नॉन पॉलिटिकल) के नेता जगजीत डल्लेवाल लगातार 19वें दिन आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं. किसान नेता सरवण पंधेर ने कहा कि डल्लेवाल की सेहत को लेकर पूरा देश चिंतित है. मगर, देश के प्रधानमंत्री नहीं.

