गुजरात के वडोदरा में हुआ हादसा, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल, पीएम मोदी ने जताया दु:ख
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Gambhira Bridge Collapse: गुजरात के वडोदरा जिले में गंभीरा पुल का हिस्सा ढह गया. जिसमें कई गाड़ियां नदी में गिर गईं. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है और कई घायल बताए जा रहे हैं. इस हादसे का सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हो रहा है. जिसमें देखा जा सकता है कि पुल के दो खंभों के बीच का पूरा स्लैब ढह चुका है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि 16 पहियों वाला एक टैंकर का दो चक्का पिलर पर अटके क्षतिग्रस्त स्लैब पर टिका है. बाकी का हिस्सा पुल पर है. गनीमत रही कि इसमें सवार ड्राइवर बच गया.
40 साल पहले बना था पुल
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिसागर नदी पर स्थित गंभीरा पुल मध्य गुजरात और राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र को जोड़ता है. मंत्री ने कहा कि पुल का निर्माण 1985 में हुआ था और समय समय पर तथा जरूरत पड़ने पर इसका रखरखाव किया जाता था. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो करीब 900 मीटर लंबे गंभीरा पुल के 23 खंभे हैं और यह गुजरात के वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ता है.
पीएम मोदी ने की सीएम से बात
गंभीरा पुल हादसे के बाद पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की. सीएम ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी विदेश यात्रा के दौरान मुझसे टेलीफोन पर बात की और आणंद-वडोदरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल पर हुई दुर्घटना के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की और इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.”

