Budget Session: संसद के बजट सत्र 2025 में 04 फरवरी, 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब लोकसभा में दे रहे हैं.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
PM Modi Lok Sabha Speech : “हमने ट्रिपल तलाक का खात्मा करके संविधान के मुताबिक मुस्लिम बेटियों को समानता से रहने का अधिकार दिया है. एनडीए की सरकार में एक विजन के तहत काम किया गया है. हमारी सोच कैसी है, हमारे लिए जो आखिरी है उसकी तरफ ज्यादा ध्यान है. अगर हम मंत्रालय की रचना करते हैं तो पूर्वोत्तर के लिए अलग मंत्रालय बनाते हैं. आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय एनडीए ने बनाया. दक्षिणी राज्य फिशरमैन से जुड़े हैं, उनका भी ध्यान रखना चाहिए. ये हमारी सरकार है इनके लिए भी अलग मंत्रालय बनाया.” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रपति के धन्यवाद प्रस्ताव पर अपना जवाब दे रहे हैं.
संसद के बजट सत्र का आज चौथा दिन है. लोकसभा और राज्यसभा में आज भी राष्ट्रपति के अभिभाषण की चर्चा हुई. संसद में आज भी प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ को लेकर हंगामा हुआ. इससे पहले सोमवार को विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया था, जबकि लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान लगातार हंगामा होता रहा.
नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत कई सांसदों ने अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बातें रखी थीं. इस दौरान राहुल गांधी ने सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, चीन और विदेश नीति समेत कई मुद्दों पर घेरा था.
संविधान को लेकर विपक्ष पर जमकर बरसे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “हम वो लोग हैं जो संविधान को जीते हैं. जब गुजरात के 50 साल हुए तो उस समय मैं सीएम था तो हमने निर्णय लिया कि गोल्डन जुबली ईयर में गवर्नर के भाषण हुए हैं उन सभी को एक किताब के रूप में परिवर्तित किया जाए और वो आज सभी लाइब्रेरी में उपलब्ध है. हम तो बीजेपी वाले थे गुजरात में ज्यादातर तो कांग्रेस की सरकार रही, फिर भी हमने किया क्योंकि हम संविधान को जीना जानते हैं. 2014 में जब आए तो विपक्ष था ही नहीं. ये हमारा संविधान जीने का स्वभाव था कि हमने तय किया विपक्ष को मान्यता देंगे.”

