दिल्ली विधानसभा चुनाव के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर और तमिलनाडु की इरोड पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हो रही है.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Election 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज बुधवार को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर और तमिलनाडु की इरोड पूर्व सीट पर उपचुनाव के लिए भी वोटिंग चल रही है. दिल्ली में वोटिंग करने वालों में काफी उत्साह देखा जा रहा है और वोट डालने के लोग लाइन में लगे हुए हैं. दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की नजर तीसरे कार्यकाल पर है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दिल्ली में फिर से उभरने की उम्मीद लगाए हुए हैं.
मैं महसूस कर रहा हूं कि दिल्ली के लोग फिर से ‘कांग्रेस वाली दिल्ली’ चाहते हैॆ. उन्होंने कहा कि लोगों को पता है कि कांग्रेस ने 15 सालों में यहां क्या-क्या किया था और अब आम आदमी पार्टी के 10 साल किस तरह बीते.
पवन खेड़ा, कांग्रेस नेता
मिल्कीपुर में मतदाताओं में भय-अखिलेश
मिल्कीपुर विधानसभा सीट उपचुनाव में पुलिस अधिकारियों पर अखिलेश यादव ने आरोप लगाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, ‘चुनाव आयोग तुरंत इस समाचार से जुड़ी तस्वीरों का संज्ञान लें कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के आईडी कार्ड चेक कर रही है, जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी शामिल हैं. ये अप्रत्यक्ष रूप से मतदाताओं में भय उत्पन्न करके मतदान को प्रभावित करने का लोकतांत्रिक अपराध है. ऐसे लोगों को तुंरत हटाया जाए और दंडात्मक कार्रवाई की जाए.’
मिल्कीपुर के सपा प्रत्याशी का पुलिस पर आरोप
‘वोट समाजवादी पार्टी के पक्ष में डल रहे हैं, कुछ लोग वोटर्स को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस भी लोगों पर दबाव बना रही है ताकि समाजवादी पार्टी को वोट न मिले लेकिन यहां के लोग समाजवादी पार्टी के साथ हैं. हमें यह भी शिकायत मिल रही हैं कि हमारे पोलिंग एजेंट्स को पोलिंग बूथ में नहीं घुसने दिया जा रहा है.’
अजीत प्रसाद, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी
इरोड (पूर्व) में 46 उम्मीदवारों के बीच टक्कर
तमिलनाडु में इरोड पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 46 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अभिनेता से नेता बने सीमान की पार्टी ‘नाम तमिलर काची’ (एनटीके) के बीच है. द्रमुक ने पूर्व विधायक वी सी चंद्रकुमार को मैदान में उतारा है जबकि एनटीके ने एम के. सीतालक्ष्मी को उम्मीदवार बनाया है. अन्य 44 उम्मीदवार निर्दलीय हैं.

