21वां विशाल निःशुल्क नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर नरसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर में आयोजित, शिविर में 500 मरीजों की हुई जांच
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP News: परोपकार की भावना न केवल व्यक्ति की आत्मा और व्यक्तित्व का विकास करती है, बल्कि समाज के लिए भी महत्वपूर्ण है. उक्त आशय के उद्गार जगद्गुरु श्री नृसिंहपीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदास जी महाराज सरस्वती शिशु मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर में व्यक्त किए. अवसर था साकेतवासी महामण्डलेश्वर स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर के आयोजन का, जहां संस्कारधानी और अयोध्या से संतों का आगमन हुआ था. नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर कार्यक्रम के दौरान मंचासीन रहे संतों द्वारा गरीब, असहाय नेत्र रोगियों की सेवा में लगे एनआरआई ठाकुर हरकेश सिंह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनके द्वारा किए जा रहे परोपकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की व उन्हें साधुवाद दिया.
21वें वर्ष आयोजित हुआ नेत्र शिविर
पूज्य नृसिंहपीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरु डॉ स्वामी नृसिंहदेवाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में और न्यू जर्सी, अमेरिका निवासी ठाकुर हरकेश सिंह जी के सौजन्य से 21वें वर्ष विशाल निःशुल्क नेत्र लैंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया. जिसमें करीब 500 नेत्र रोगियों की जांच हुई और जांच उपरान्त मोतियाबिंद रोग से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन हेतु दादा वीरेन्द्रपुरी नेत्रालय ले जाया गया, वहां उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया और उनके आवास-भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क की गई. यह आयोजन साकेतवासी जगद्गुरु डॉ. स्वामी श्यामदेवाचार्य जी महाराज के सानिध्य में विगत वर्षों में संपन्न होता रहा है.
इन संतों का मिला सानिध्य
नरसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज गोरखपुर में आयोजित इस नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर में महंत कौशलकिशोर दास जी महाराज (अयोध्या), महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी जी, महाराज, महंत कालीनंद जी महराज कालीधाम, डॉ. स्वामी मुकुंददास जी महाराज, महामंडलेश्वर राधेचैतन्य, रामजी शरण, पं. वासुदेव शास्त्री आदि का आशीर्वाद नेत्र शिविर में आए भक्तों को मिला. इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूनम सिंह, हैप्पी परमार डॉ. पवन स्थापक, डॉ. आयुष टंडन, डॉ. बी के डांग, डॉ हितेश अग्रवाल, डॉ. संदीप मिश्रा, शरद काबरा, राजेन्द्र इंदूलता प्यासी, सुधा यादव, मनोज नारंग, राजेंद्र यादव, जगदीश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही. नेत्र रोगियों के परीक्षण के उपरांत भोजन भण्डारे का आयोजन किया गया. तत्पश्चात कार्यक्रम संपन्न हुआ.

