IND vs ENG T20 WC 2024: टीम इंडिया ने इंग्लैंड को बुरी तरह हराकर टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली. इस मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ. जानें वायरल वीडियो का सच
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
T20 World Cup 2024: टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में जगह बना ली है. यहां भारत का दक्षिण अफ्रीका से सामना होगा. भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को बुरी तरह हराया. टीम की इस जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ. दावा किया जा रहा है कि रोहित जीत की खुशी में आंसू नहीं रोक पाए और रोने लगे. वायरल वीडियो में विराट कोहली और टीम के बाकी साथी भी दिखाई दे रहे हैं.
दरअसल रोहित का वायरल हुआ वीडियो ड्रेसिंग रूम के बाहर का है. इसमें वे बाहर कुर्सी पर बैठे हुए दिख रहे हैं. भारत की जीत के बाद सभी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम की तरफ बढ़ रहे थे. इस बीच रोहित को देखकर कोहली ने उनको शाबाशी दी. कोहली के पहुंचने से पहले ही रोहित अपना सिर झुकाकर हाथ से आंखों को पोंछते हुए दिखे. इस दौरान दूसरे खिलाड़ी भी आगे बढ़े. दावा किया जा रहा है कि रोहित टीम इंडिया की जीत खुशी में रो पड़े.
टी20 विश्व कप में रोहित का बैटिंग परफॉर्मेंस भारत के लिए काफी अहम
रोहित ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की खूब धुलाई की. उन्होंने 39 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए. रोहित की इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. उन्होंने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विस्फोटक पारी खेली थी. इस टी20 विश्व कप में रोहित का बैटिंग परफॉर्मेंस भारत के लिए काफी अहम साबित हुआ. भारत ने सेमीफाइनल में पहले बैटिंग करते हुए 171 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 103 रनों के स्कोर पर ढेर हो गई.
बता दें कि अब टी20 विश्व कप 2024 का फाइनल मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बारबाडोस में आयोजित होगा. भारत-दक्षिण अफ्रीका की टीमें शनिवार शाम भिड़ेंगी.
कप्तानी पारी खेली और 32वां अर्धशतक लगाया
रोहित शर्मा ने भारत के लिए कप्तानी पारी खेली और 32वां अर्धशतक लगाया. उन्होंने 39 गेंदों में 57 रन बनाए जिनमें 6 चौके और 2 छक्के थे. सूर्यकुमार यादव अर्धशतक से 3 रन से चूक गए. उन्होंने 36 गेंदों में 47 रन बनाए और इसमें 4 चौके और 2 छक्के थे. रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 73 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की.
भारत तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा है. भारत ने आखिरी बार 2014 में फाइनल खेला था जहाँ श्रीलंका ने उसे 4 विकेट से हरा दिया. इससे पहले भारत ने वर्ष 2007 में पहले T20 मैच का फाइनल खेला था. महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में भारत 5 रन से पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बना था.
भारत के 10 साल बाद इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने के बाद कप्तान रोहित शर्मा भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. ड्रेसिंग रूम में रोहित शर्मा के आंसू पोंछते हुए विराट कोहल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं.
तब हार के बाद रो पड़े थे रोहित
भारत को 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से मिली हार के बाद रोहित शर्मा रो पड़े थे. रोहित तब भी इसी तरह एडिलेट ओवल पर ड्रेसिंग रूम के बाहर कुर्सी पर बैठे थे. बल्लेबाजी के लिए उस आसान विकेट पर भारत ने इंग्लैंड को सिर्फ 169 रनों का लक्ष्य दिया था. तब भी जोस बटलर ही टीम के कप्तान थे और एलेक्स हेल्स के साथ मिलकर उन्होंने चार ओवर रहते ही भारत को हराकर वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया था.
मैदान के चारों ओर धुन दिया
भारत को 2022 में हार्दिक पांड्या ने अलबत्ता फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाते हुए 33 गेंद में 63 रनों बनाकर टीम को छह विकेट पर 168 रन तक पहुंचाया. जवाब में इंग्लैंड की सलामी जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों को स्कूली बच्चों की तरह मैदान के चारों ओर धुन दिया. बटलर ने 49 गेंद में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 80 और एलेक्स हेल्स ने 47 गेंद में नाबाद 86 रन बनाए, जिसमें चार चौके और सात छक्के शामिल थे.

