भोपाल के कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और नेता साजिद अली के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई. आरोप है कि साजिद अली ने चुनाव में BJP का समर्थन किया था.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
MP Congress News: मध्य प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब सड़क पर देखने को मिल रही है. एमपी के विपक्षी दल कांग्रेस की संगठन बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट और हंगामा हुआ, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं. अंदर बैठक चल रही थी और बाहर पार्टी कार्यकर्ता आपस में मारपीट कर रहे थे.
बताया जा रहा है कि यह बैठक एक निजी रेस्टोरेंट में चल रही थी. दरअसल, मंगलवार (17 जून) की शाम एक निजी रेस्टोरेंट में भोपाल मध्य विधानसभा की मीटिंग हुई. बैठक में AICC पर्यवेक्षक यशोमती ठाकुर समेत कई नेता मौजूद थे. इस दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और कांग्रेस नेता साजिद अली के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए.
कांग्रेस पर हमलावर बीजेपी
संगठन की बैठक में इस कलह की क्या वजह रही, यह तो अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. लेकिन सत्ताधारी पार्टी बीजेपी के नेता इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस पर हमलावर हैं. बीजेपी नेता आशीष उषा अग्रवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की इस पिटाई का वीडियो शेयर करते हुए विपक्षी दल पर निशाना साधा है.

