पारस अस्पताल में हुई हत्या की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि पांच की संख्या में बदमाश घुसते हैं और हत्या कर फरार हो जाते हैं.
Source : MEDIA
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Paras Hospital Murder: पटना के पारस अस्पताल में गुरुवार (17 जुलाई, 2025) की सुबह चंदन नाम के एक अपराधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस शूटआउट का लाइव वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है, जिसमें अपराधियों की तस्वीरें कैद हुई हैं. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि पांच की संख्या में बदमाश बड़े आराम से पारस अस्पताल में घुसते हैं और चंदन जिस वार्ड में रहता है उस तरफ बढ़ते हैं. वार्ड में एक-एक कर सभी पांच बदमाश घुस जाते हैं और गोलीबारी कर हत्या कर देते हैं.
वीडियो में सारे बदमाशों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं. यानी पुलिस के लिए इन्हें पकड़ना आसान होगा. पांच में से चार बदमाशों के सिर पर टोपी है. एक बदमाश जो सबसे आगे है उसने टोपी नहीं पहनी है. हत्या के बाद बड़े आराम से एक-एक कर सभी मौके से फरार हो जाते हैं.
वार्ड के बाहर दरवाजे पर ही निकालने लगे हथियार
वीडियो को देखकर आपको लगेगा कि यह कोई फिल्म है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि हत्या करने वाले बदमाशों के चेहरे पर कोई खौफ नहीं है. वे वार्ड के बाहर दरवाजे पर जैसे ही पहुंचते हैं एक-एक कर हथियार निकाल लेते हैं. सबसे पहले आगे चलने वाले बदमाश ने हथियार निकाला. उसके बाद उसके साथ जो पीछे में अपराधी थे उन लोगों ने हथियार निकाल लिया.
गाड़ी से अस्पताल पहुंचे थे 5 अपराधी
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को दोपहर में पांच अपराधी एक गाड़ी से अस्पताल पहुंचे. वे सीधे अस्पताल के कमरे तक पहुंचे और चंदन मिश्रा को गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. इस दौरान आरोपियों को गाड़ी से आते-जाते लोगों ने देखा भी था.
घटना का CCTV फुटेज आया सामने
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, लेकिन पुलिस ने मीडिया से अपील की है कि अनुसंधान प्रभावित न हो, इसलिए इसे सार्वजनिक न किया जाए. पुलिस के अनुरोध पर चंदन की हत्या का वीडियो न दिखाते हुए सिर्फ अपराधियों के फरार होने का फुटेज जारी किया है. फिलहाल पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी है और फरार अपराधियों की पहचान के लिए प्रयास कर रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके की स्थिति से अवगत कराया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 4-5 की संख्या में अपराधी हथियार लहराते हुए, पारस अस्पताल की दूसरी मंजिल से नीचे उतरे और फरार हो गए. उन्हें लगा कि अस्पताल में कोई घटना हुई है और हथियार लेकर निकल रहे लोग अस्पताल के सुरक्षाकर्मी हैं, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वे गोली मारकर निकले हैं. पटना के अस्पताल में हुई हत्या पर कांग्रेस सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में लोग भगवान भरोसे हैं और अब अपराधी अस्पताल में पहुंच गए , जहां डॉक्टरों को भगवान माना जाता है.
पुलिस ने कहा- पुरानी रंजिश का मामला लग रहा
पुलिस को सूचना मिली कि आज सुबह करीब साढ़े सात बजे पटना के एक निजी अस्पताल में कुछ हथियारबंद लोगों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी. घटना उस समय हुई जब वह अस्पताल में इलाज के लिए आया था. वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था.” अधिकारी ने बताया कि उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पुरानी रंजिश का मामला प्रतीत होता है.

