Yamuna एक्सप्रेसवे पर सोमवार रात को बड़ा रोड एक्सीडेंट हुआ है. इसमें कई बसें और कारें आपस टकराने के बाद उसमें आग लग गई और चार यात्रियों की मौत हो गई.
Source : ANI
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Road Accident in Mathura: घने कोहरे के कारण मथुरा में सोमवार की रात भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां यमुना एक्सप्रेसवे पर कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं. सात बसें और तीन कारों के बीच भयानक टक्कर हुई है. यात्री जब बसों में सो रहे थे, तभी ये रोड एक्सीडेंट होने की खबर है. भिड़ंत इतनी तेज थी कि उनमें से कई वाहनों में आग लग गई. हादसे में चार लोगों की जलकर मौत हो गई है. हादसे में घायल कई यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि 25 से ज्यादा घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस टीमें, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया गया है.

2 दिनों से सड़क हादसे में हुआ इजाफा
घने कोहरे के चलते बीते 2 तीन दिनों में यूपी समेत कई जिलों में हाईवे पर सड़क हादसे हो रहे हैं. मथुरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा इस बात का सुबूत है. जिसमें कई गाड़ियां आपस में टकरा गई हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी सुबह और रात में घना कोहरा देखा जा सकता है, जिससे सड़कों के साथ साथ रेल यातायात पर भी सीधा असर पड़ सकता है.
योगी ने आर्थिक सहायता की घोषणा की
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना जताई है. अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
MP में भी भीषण कोहरा
देश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छा रहा है. मध्य प्रदेश के 12 जिलों में मंगलवार सुबह भीषण कोहरा रहा. इन जिलों में सुबह 8 बजे तक 50 मीटर दूर कुछ भी देखना भी मुश्किल था. राज्य के 16 शहरों में सोमवार को भीषण सर्दी रही. इन शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम रहा.
इधर, यूपी के लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर समेत 35 शहर मंगलवार सुबह कोहरे की चादर में लिपटे रहे. सड़कों पर 10 मीटर तक देखना मुश्किल है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में पिछले 4 दिनों में कोहरे के कारण अलग-अलग सड़क हादसों में 110 गाड़ियां आपस में टकरा चुकी हैं. इनमें 15 लोगों की मौत हुई है.
राजस्थान में भी हुआ सड़क हादसा
राजस्थान के जैसलमेर में कोहरे के कारण स्कूल बस और बोलेरो की टक्कर हो गई है, जिसमें 12 लोग घायल हो गए. विजिबिलिटी कम होने से CM भजनलाल शर्मा का हेलिकॉप्टर डीग के पेठा में नहीं उतर पाया. अलवर में विजिबिलिटी 20, तो श्रीगंगानगर में 5 मीटर तक हो गई. राज्य के 20 शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड हुआ.

