मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, एमपी को झारखण्ड और उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Flagging of Bhopal to Dhanbad Railway News: गोंदिया-जबलपुर दोहरीकरण परियोजना (5200 करोड़) परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है. इससे ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, साथ ही भोपाल, सिंगरौली, चोपन और धनबाद सहित प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए दो नई यात्री रेलगाडि़यां मध्य प्रदेश में ट्रेन संपर्क को बढ़ाएंगी. मध्य प्रदेश की प्रगति को नई रफ्तार देते हुए भारतीय रेल द्वारा भोपाल–धनबाद, चोपन एक्सप्रेस का शुभारंभ आज मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को भोपाल रेलवे स्टेशन से किया गया.
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं माननीय केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया गया.
नई सेवा से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के बीच की दूरी घटी
कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और अपने संबोधन में कहा कि रेलवे किसी भी राज्य के औद्योगिक एवं सामाजिक विकास की रीढ़ होती है तथा यह नई सेवा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं झारखंड के बीच संपर्क को और सुदृढ़ करेगी. माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय रेल निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है. उनकी दूरदर्शी नीतियों एवं सशक्त निर्णयों के परिणाम स्वरूप मध्य प्रदेश में रेलवे ने भी अभूतपूर्व परिवर्तन एवं आधुनिकीकरण का नया अध्याय लिखा है. वर्ष 2026-27 के बजट आवंटन में 24 गुना वृद्धि के साथ मध्य प्रदेश को रु 15,188 करोड़ का ऐतिहासिक बजट आवंटित किया गया है, जो राज्य में रेल अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. जिसमें मध्य प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत वर्तमान में रु 1 लाख 18 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं प्रगति पर हैं.
मध्य प्रदेश को इन परियोजनाओं की मिली सौगात
- – गोंदिया जबलपुर दोहरीकरण परियोजना (5200 करोड़)
- – इंदौर से मनमाड़ नई रेल लाइन (18 हजार करोड़)
- – भुसावल से खंडवा तीसरी लाइन (साढ़े तीन हजार करोड़)
- – प्रयागराज से मानिकपुर तीसरी लाइन (1640 करोड़)
- – रतलाम से नागदा तीसरी एवं चौथी लाइन (1000 करोड़)
- – इटारसी से नागपुर चौथी लाइन (5400 करोड़)
- – इटारसी – भोपाल – बीना चौथी लाइन (4300 करोड़)
- – बड़ोदरा से रतलाम तीसरी एवं चौथी लाइन ( 8800 करोड़) परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है.
औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
इसी प्रकार सबसे प्रमुख परियोजनाओं में से एक डानकुनि से सूरत डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना को तेजी से लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस परियोजना से पश्चिम बंगाल, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं गुजरात राज्यों के औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.
यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव
भोपाल–धनबाद-चोपन एक्सप्रेस के संचालन से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच सीधी एवं सुगम रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी. इससे यात्रियों को तीव्र, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा.
यह नई एक्सप्रेस सेवा न केवल आम यात्रियों के आवागमन को सरल बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगी. औद्योगिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि के साथ रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा.
इसी प्रकार मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य को नई ट्रेनो की सौगात देने के उपलक्ष्य में माननीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं रेलमंत्री जी का आभार व्यक्त किया.
व्यापारिक, धार्मिक एवं पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन
- एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन से यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान.
- लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर एवं समयबद्ध विकल्प उपलब्ध होगा.
- प्रदेशों के बीच आवागमन अधिक तेज एवं सुगम बनेगा.
- व्यापारिक, धार्मिक एवं पर्यटन यात्राओं को प्रोत्साहन मिलेगा.
सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित होगी.
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, माननीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री (म.प्र.) श्रीमती राधा सिंह, सांसद आलोक शर्मा (भोपाल), सांसद डॉ. राजेश मिश्रा (सीधी) एवं विभिन्न क्षेत्रों के विधायकगण सहित मध्य प्रदेश शासन के गणमान्य एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगी परियोजनाएं
भोपाल–धनबाद-चोपन एक्सप्रेस का शुभारंभ मध्य प्रदेश के रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो राज्य की आर्थिक प्रगति, क्षेत्रीय संतुलन और समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगा.

