सनातन धर्म महासभा का गठन कर मंदिर के पदाधिकारियों को एक मंच पर लाया गया, नरसिंह मंदिर के महंत कर रहे शोभायात्रा का नेतृत्व
By- DBnew update/edited by- Supriya
जबलपुर.
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर हर साल विशाल शोभायात्रा निकाली जा रही है. यह शोभोयात्रा प्रभात फेरी से शुरू हुई थी, जिसे आज विशाल स्वरूप दे दिया गया है. जबलपुर शहरवासियों का सौभाग्य है कि यह शोभायात्रा निर्विवाद रूप से विगत 44 साल से निरंतर निकाली जा रही है, जिसका नेतृत्व नरसिंह मंदिर के महंत कर रहे हैं।
सन् 1980 में साकेतवासी स्वामी रामचन्द्र दास शास्त्री जी महाराज ने मंदिरों के पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर एक मत किया और उनका आदेश शहरभर के मंदिर पदाधिकारी मानते हुए शोभायात्रा निकालने का संकल्प ले लिया. उनका संकल्प आज फली भूत हो रहा है और शहर के हर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है.
नृसिंहपीठाधीश्वर द्वारा रखी गई आधारशिला हिली नहीं
सन् 1980 में साकेतवासी स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री जी महाराज द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा की रखी गई आधारशिला आज तक नहीं हिली. इस शोभायात्रा का नेतृत्व अपने जीवनकाल में श्रीनृसिंहपीठाधीश्वर स्वामी रामचन्द्रदास शास्त्री जी महाराज करते रहे. उनके देवलोक गमन के पश्चात श्रीनृसिंह पीठ की गद्दी पर अभिनव शुकदेव स्वामी श्यामदेवाचार्य जी महाराज विराजमान हुए, उन्होंने अपने जीवन काल तक इस शोभायात्रा का नेतृत्व करते रहे.
इसके बाद अभी वर्तमान में शोभायात्रा का नेतृत्व श्री नृसिंह पीठाधीश्वर डॉ स्वामी नरसिंगदास जी महाराज कर रहे हैं. जिनके पावन सानिध्य एवं नगर के सभी मठ मंदिरों के संत-महंत उपस्थित हो रहे हैं और शोभायात्रा को गरिमा प्रदान कर रहे हैं.
इन मंदिरों का रहता है सहयोग
शोभायात्रा श्री सनातन धर्म तिराहा (पुराना मोटर स्टैंड) से निकाली जाती है. इस शोभायात्रा में श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर, श्री राम मंदिर मदन महल, नरसिंह मंदिर शास्त्री ब्रिज गोरखपुर, गीताधाम गौरीघाट, श्रीकृष्ण मंदिर छोटी ओमती, श्रीकृष्ण गोपाल मंदिर घमापुर, जय श्री कृष्णी महासभा बाई का बगीचा, श्री जगदीश मंदिर गढ़ा फाटक, श्री रामलीला समिति गढ़ा सहित अनेक धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाएं मनोहारी सजीव झांकियों के साथ सम्मिलित होती हैं.
ये रहता है शोभायात्रा रूट
शोभायात्रा श्री सनातन धर्म तिराहा (पुराना मोटर स्टैंड) से प्रारंभ होकर नगर निगम चौराहा, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लॉर्डगंज, बड़ा फुहारा से कोतवाली, मिलौनीगंज चौक, गोपाल लाल जी मंदिर हनुमानताल से घोड़ानक्कास बड़ी खेरमाई होते हुए भानतलैया स्थित शिवमंदिर में धर्मसभा के रूप में शोभायात्रा का समापन होता है.

