सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया
By : DB News Update| Edited By: Prince
MP Jabalpur News: युवाओं के बीच मोमोज लोकप्रिय डिश बन गया है. सड़क किनारे मोमोज के ठेलाें पर भीड़ देखी जा सकती है. लेकिन मोमोज के शौकीन लोगों के लिए बुरी खबर है और आप मोमोज के शौकीन हैं तो सावधान हो जाएं. दरअसल जबलपुर का एक वीडिया सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया गया है कि एक शख्स पैरों से आटा गूंथ रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस-प्रशासन में भी हड़कंप मच गया. जबलपुर पुलिस ने इस मामले काे संज्ञान में लिया है. 22 सेकेंड के क्लिप की बारीकी से जांच की जा रही है. वीडियों में देखा जा सकता है कि मोमोज बनाने में सफाई का कितना ख्याल रखा गया है? यदि आप स्वच्छता के मानकों का ख्याल नहीं रखते हैं तो खानपान की वस्तुओं को खाने से आप बीमार पड़ सकते हैं.
लोगों की सेहत से खिलवाड़
ऐसा मोमोज भी आपको अस्पताल पहुंचा सकता है. क्लिप में युवक पैरों से मोमोज के लिए मैदा गूंथते हुए नजर आ रहा है. साफ है कि मोमोज बनाते वक्त लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है. किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की.
मोमोज खाने वालों सावधान हो जाओ!
बरगी पुलिस ने मामला दर्ज किया
लोगों की शिकायत पर बरगी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान की गयी. पहचान होने के बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. आरोपियों की पहचान राजकुमार गोस्वामी और सचिन गोस्वामी के तौर पर हुई है. जोधपुर निवासी दोनों युवक थाने के पास मोमोज की दुकान लगाते हैं. राजकुमार गोस्वामी और सचिन गोस्वामी राजस्थान से आकर मोमोज बेचने का धंधा करते हैं. पुलिस ने रिपोर्ट बनाकर खाद्य विभाग को मामले की जांच के लिए भेज दिया है.

