मोदी और उनकी कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण के समय ही जम्मू-कश्मीर के रियासी इलाके में आतंकी हमला, जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया है.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Pakistan Terrorist: जम्मू-कश्मीर. तीसरी बार देश की कमान संभाल रहे पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के पहले दिन ही पाकिस्तान ने बड़ा पंगा ले लिया है. रविवार शाम में एक तरफ पीएम मोदी का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था तभी उधर दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के रियासी इलाके में आतंकवादियों ने वैष्णो देवी जा रहे श्रद्धालुओं की एक बस पर हमला कर दिया. इसमें 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 33 घायल बताए जा रहे हैं. जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया है.
दुनिया की नजर में आने की कोशिश
इस घटना को सीधे तौर पर पीएम मोदी को चुनौती के रूप में देखा जा रहा है. क्योंकि पीएम मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल के शपथ ग्रहण में पड़ोसी देशों बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, नेपाल, भूटान, सेसेल्स, मॉरीशस के शासनाध्यक्ष और राष्ट्रध्यक्षों को आमंत्रित किया है. इस समारोह में तमाम देशों के राजदूत और उच्चायुक्त भी शामिल हुए. ऐसे में इस तरह की आतंकी घटना को अंजाम देकर पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने भारत की प्रतिष्ठा को चुनौती दी है. इस शपथ ग्रहण के लिए राजधानी दिल्ली सहित पूरे देश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. हमने के जरिए वह दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में वह अब भी सक्रिय है और उनका प्रभाव है.
कड़क रहेगी मोदी सरकार
लेकिन, शायद वे पीएम मोदी के बीते दो कार्यकालों को भूल गए हैं. पीएम मोदी ने अपने दूसरे कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर पर अपनी सरकार की नीति को ‘जीरो टोलरेंस’ वाली बना दिया. सुरक्षा बल घाटी में चुन-चुन कर आतंकियों का सफाया कर रहे हैं. 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार ने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करने से भी परहेज नहीं किया था. इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ हर स्तर पर संपर्क तोड़ लिया. अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने के लिए पूरी मुहिम चला दी. आज पीएम मोदी की इस मुहिम का असर दिख भी रहा है. पाकिस्तान बर्बादी के कगार पर है. घाटी में आतंकियों की कमर टूट चुकी है. इसका सबसे बड़ा सबूत बीता लोकसभा चुनाव रहा. इस चुनाव में घाटी की सीटों पर बंपर वोटिंग हुई. लोगों में आतंकवादियों का भय खत्म हो गया है.
पाकिस्तान को निमंत्रण नहीं
पीएम मोदी ने अपने शपथ ग्रहण में सात पड़ोसी देशों को आमंत्रित किया था लेकिन उसमें पाकिस्तान का नाम नहीं था. इस तरह उन्होंने संकेत दे दिया कि उनके तीसरे कार्यकाल में भी पाकिस्तान को लेकर उनके रुख में कोई नरमी नहीं आने वाली है. लेकिन, आज के आतंकी हमले ने पीएम मोदी के इस रुख में शून्य प्रतिशत के बदलाव की भी गुंजाइश नहीं छोड़ी है.
‘आतंकवाद के खिलाफ मोदी का प्रचार खोखला’
जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और उनकी एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह और कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के देश में आने के बीच तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए एक कायराना आतंकवादी हमले में कम से कम 10 भारतीयों की जान चली गई. हम अपने लोगों पर हुए इस जघन्य आतंकवादी हमले और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जानबूझकर किए गए इस अपमान की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं.”उन्होंने आगे कहा, “हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. सरकार और अधिकारियों को पीड़ितों को तत्काल सहायता और मुआवजा प्रदान करना चाहिए. अभी तीन सप्ताह पहले ही पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की गई थी और जम्मू-कश्मीर में कई आतंकवादी घटनाएं लगातार जारी हैं. मोदी (अब एनडीए) सरकार द्वारा शांति और सामान्य स्थिति लाने का सारा प्रचार खोखला साबित हो रहा है. भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है.”

