अनंतनाग में झरने की खुदाई के दौरान मिलीं प्राचीन मूर्तियां कर्कोटा राजवंश से जुड़ी मानी जा रही हैं. पुरातत्व विभाग जांच कर रहा है, लोगों मंदिर निर्माण की मांग कर रहे.
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Jammu-Kashmir Ancient Sculptures News: सावन माह के आखिरी सोमवार से पहले जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के ऐशमुकाम इलाके में प्राचीन मूर्तियां बरामद हुई हैं. जिसमें शिवलिंग और देवी-देवताओं की नक्काशी वाले पत्थर शामिल होना बताए जा रहे हैं. इन मूर्तियों की खोज सलिया गांव में एक पुराने झरने की सफाई और मरम्मत के दौरान हुई हैं.
मजदूरों को मिली पत्थर की मूर्तियां
सलिया गांव में झरने की खुदाई लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा की जा रही है. एक पुराने झरने के पुनरुद्धार किया जा रहा है. काम के दौरान जब स्थानीय मजदूर खुदाई कर रहे थे, तभी उन्हें झरने के पास पत्थरों के नीचे कुछ आकृतियां दिखाई दीं. पास जाकर देखने पर यह पता चला कि ये धार्मिक मूर्तियां हैं. इनमें शिवलिंग, एक प्रमुख मूर्ति और कुछ अन्य वस्तुएं शामिल हैं.
पुरातत्व विभाग करेगा मूर्तियों की जांच
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मूर्तियों के मिलने की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर के पुरातत्व, अभिलेखागार और संग्रहालय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और बताया कि इन मूर्तियों को आगे की जांच के लिए श्रीनगर भेजा जाएगा, जहां उनकी उम्र और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का पता लगाने के लिए डेटिंग टेस्ट और सामग्री जांच की जाएगी.
एक अधिकारी ने बताया, ‘हम इन मूर्तियों को एसपीएस म्यूजियम श्रीनगर में भेजेंगे, जहां इन पर विशेषज्ञ अध्ययन करेंगे.’

