विंध्य का यह प्रोजेक्ट देश-विदेशों में अपनी पहचान बना रहा, सफेद शेरों के लिए ही नहीं, बल्कि वॉक-इन एवियरी के रूप में मिली पहचान
By : DB News Update | Edited By : सुप्रिया
MP News.रीवा. मैहर जिले के अंतर्गत महाराजा मार्तंड सिंह जूदेव वाइट टाइगर सफारी और चिड़ियाघर को मुकुंदपुर वाइट टाइगर सफारी के नाम से पहचान मिली है. यहां जीव-जंतुओं की 40 दुर्लभ प्रजातियां हैं और 60 से ज्यादा दूसरी प्रजातियों के जानवर भी हैं. जून 2015 में इसकी स्थापना की गई थी और अप्रैल 2016 में इसे जनता के लिए खोला गया था.
यहां सफेद शेर के अलावा वॉक इन एवियरी के तहत पहचान मिली
वाइट टाइगर सफारी मुकुंदपुर अब सिर्फ सफेद शेरों के लिए ही नहीं, बल्कि वॉक-इन एवियरी के लिए भी जाना-पहचाना जा रहा है. क्योंकि यहां आने के बाद विदेशी चिड़ियों को करीब से देख सकते हैं और उनके बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. यह मध्यप्रदेश का पहला और देश का दूसरा वॉक-इन एवियरी है. इसकी शुरुआत 7 सितंबर को हुई. एमपी के अलावा, देश में गुजरात के केवड़िया में एक वॉक-इन एवियरी है.
650 विदेशी पक्षियों को बसाया गया
मुकुंदपुर में ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, अफ्रीका, एशिया और यूरोप की 19 प्रजातियों के 650 पक्षियों को बसाया गया है. एक विशेष प्रजाति का पक्षी तो ऐसा है, जिसका दिमाग 3 साल के बच्चे के बराबर होता है, सीखने और समझने की क्षमता में. इस प्रोजेक्ट पर 3 करोड़ 49 लाख रुपए खर्च किए गए हैं.
विदेशी पक्षियों के रहने की व्यवस्था
मुकुंदपुर में वॉक-इन एवियरी 3200 स्क्वायर फीट में फैला है. पक्षियों को उनका प्राकृतिक वातावरण देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. पानी में रहने वाले पक्षियों के लिए वॉटर बॉडी बनाई गई है. जमीन पर रहने वाले पक्षियों के लिए शेड्स तैयार किए गए हैं, और जो पक्षी पेड़ों पर रहते हैं, उनके लिए पेड़ों के साथ बॉक्स लगाए गए हैं.
यहां पहुंचने का मार्ग
रीवा शहर से मुकुंदपुर की दूरी सिर्फ 15 किलोमीटर है. रीवा से तमरा गांव होकर सड़क मार्ग से मुकुंदपुर पहुंचा जा सकता है. चोरहटा और निपनिया मार्ग से भी मुकुंदपुर के लिए सड़क है. रीवा के लिए ट्रेन, एयर, और रोड कनेक्टिविटी अच्छी है. दिल्ली-भोपाल से रीवा के लिए कई ट्रेन हैं. जबलपुर और भोपाल से रीवा के लिए सिक्स-सीटर प्लेन भी है. सड़क मार्ग से भी यहां पहुंचा जा सकता है.
पर्यटकों के लिए एंट्री फीस
वाइट टाइगर सफारी में घूमने के लिए प्रति व्यक्ति 20 रुपए एंट्री फीस है. आप यहां बैटरी वाली गाड़ी से भी सफारी का आनंद ले सकते हैं, जिसके लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपए देने होते हैं.


