बनारस से 7 हवाई अड्डों का वर्चुअली उद्घाटन, जिसमें रीवा भी शामिल, भोपाल, लखनऊ और खजुराहो की यात्रा हुई आसान
BY : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
MP News/ रीवा : रीवा रियासत और विन्ध्य संस्कृति की पहचान किसी से छिपी नहीं है. यहां का हवाई सफर आज का नहीं बल्कि 110 साल पुराना है. वह विरासत एक बार फिर लौटी है और रीवा के चोरहटा में बने 6100 करोड़ के एयरपोर्ट का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बनारस से वर्चुअली किया है. यहां से सस्ती दर पर रीवा के रहवासी यात्रा कर सकेंगे।
हलांकि रीवा रियासत में इससे पहले भी सन् 1914 में महाराजा व्यंकट रमण सिंह जू देव ने 18 हजार रुपए का एक लड़ाकू विमान खरीदा था. जिसे प्रथम विश्व युद्ध में शामिल किया गया था. युद्ध से लौटते वक्त विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दूसरी बार वर्ष 1915 में दोबारा 22 हजार 500 रुपये में एक और लड़ाकू विमान मंगाया गया. इसके कुछ दिनों बाद तीसरा विमान भी रीवा में आया. इन विमानों को उड़ाने के लिए भारत के तीन पायलट चुने गए थे. इनकी ट्रेनिंग इंग्लैंड में हुई थी.
अब दिल्ली दूर नहीं
रीवा चोरहटा में बने एयरपोर्ट के संचालन से दिल्ली अब दूर नहीं लगेगी. लोग भोपाल, लखनऊ और खजुराहो के लिए आसानी से हवाई जहाज से अपनी उड़ान भर सकेंगे. कुछ दिनों बाद ही रीवा की हवाई कनेक्टिविटी दिल्ली और हैदराबाद के साथ जुड़ जाएगी.
999 में रीवा से भोपाल का सफर
रीवा में हवाई अड्डे की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के मुखिया मोहन यादव ने रीवा वासियों को दिवाली में तोहफा दिया है. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “हवाई अड्डा की शुरुआत के साथ से ही अब रीवा वासियों को 1 माह तक मात्र 999 रुपए में हवाई यात्रा का लाभ मिलेगा. जिसे दीपावली के मौके पर रीवा की सौगात माना जा रहा है.

