भारत-दक्षिण अफ्रीका तीसरे टी20 मैच में तिलक वर्मा ने 107 रन की शतकीय पारी खेली. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Tilak Varma Century: भारत ने तीसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को 11 रनों से हराया है. टीम इंडिया की जीत के सबसे बड़े हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने नाबाद 107 रन की पारी खेली. अब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी टीम के प्रदर्शन को सराहने के साथ-साथ तिलक वर्मा की शतकीय पारी का राज भी खोल दिया है. सूर्या ने बताया है कि कैसे तिलक ने उनसे नंबर-3 पर बैटिंग करने का आग्रह किया था.
तिलक वर्मा को शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में खुलासा करके बताया, “गकबेर्हा में हुए दूसरे टी20 मैच के बाद तिलक मेरे कमरे में आए और कहा, ‘मुझे नंबर-3 पर मौका दीजिए, मैं अच्छा करना चाहता हूं.’ मैंने जवाब में कहा कि जाओ और खुद को साबित करो. उन्होंने जिस काम के लिए पूछा, उस पर खरे भी उतरे हैं. मैं तिलक और उनके परिवार के लिए खुश हूं.”
अब सीरीज नहीं हार सकता भारत
तीसरे मैच को जीतने के बाद अब टीम इंडिया चार मुकाबलों की टी20 सीरीज में 2-1 से आगे हो गई है. पहला मुकाबला भारत ने 61 रनों से जीता था, वहीं दूसरी भिड़ंत में टीम इंडिया को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. अब तिलक वर्मा के शतक, अभिषेक शर्मा की फिफ्टी और अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाने में सफल रहा है. चूंकि सीरीज चार मैचों की है, इसलिए अब ज्यादा से ज्यादा सीरीज ड्रॉ हो सकती है लेकिन भारत हार नहीं सकता.
अफ्रीका के खिलाफ भारत का पांचवां शतक
तिलक 20 ओवर के प्रारूप में भारत के लिए शतक लगाने वाले 12वें बल्लेबाज भी बने. 22 वर्षीय खिलाड़ी का शतक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का पांचवां शतक भी था, जो किसी भी टीम द्वारा किसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ बनाया गया सबसे अधिक शतक है. टॉस जीतने के बाद, प्रोटियाज ने भारत को बल्लेबाजी के लिए भेजा, हालांकि, एडेन मार्करम का फैसला उनके पक्ष में नहीं गया क्योंकि वे साझेदारी तोड़ने में विफल रहे.
T20I में भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज
21 वर्ष, 279 दिन – यशस्वी जायसवाल – बनाम नेपाल – 2023
22 वर्ष, 5 दिन – तिलक वर्मा – बनाम दक्षिण अफ्रीका – 2024
23 वर्ष, 146 दिन – शुभमन गिल – बनाम न्यूजीलैंड – 2023
23 वर्ष, 156 दिन – सुरेश रैना – बनाम दक्षिण अफ्रीका – 2010
23 वर्ष, 307 दिन – अभिषेक शर्मा – जिम्बाब्वे – 2024
क्रीज पर रहते हुए उन्होंने 56 गेंदों का सामना किया और 8 चौके व 7 छक्के जड़े। उन्होंने अभिषेक शर्मा (25 गेंदों में 50 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 107 रन और रिंकू सिंह (13 गेंदों में 8 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की, जिससे भारत ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 219 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए तिलक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस मैच में भारतीय टीम ने 11 रनों से जीत हासिल कर चार मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली।
इंडिया ने बोर्ड पर लगाए 219 रन
तिलक वर्मा की इस दमदार पारी के चलते भारतीय टीम अपनी पारी में एक बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही. टीम इंडिया ने इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की थी. वहीं, भारतीय टीम ने अपना खाता खोले बिना ही पहली विकेट गंवा दिया था. इसके बाद तिलक वर्मा क्रीज पर आए और नाबाद भी लौटे. टीम इंडिया ने 20 ओवर के खेल में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए. तिलक के अलावा अभिषेक शर्मा ने भी 25 गेंदों पर 50 रन बनाए. वहीं, हार्दिक पंड्या ने 18 रन और रमनदीप सिंह ने 15 रन का योगदान दिया.

